Delhi Double Murder: दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है। भीम कॉलोनी, आली विहार स्थित एक मकान से महिला और उसकी मासूम बेटी के शव बरामद किए गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दरअसल, 20 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे थाना सरिता विहार को PCR कॉल मिली कि एक घर के अंदर 2 शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही SHO सरिता विहार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
बेड बॉक्स में छिपा रखे थे दोनों शव
घर के अंदर बेड के स्टोरेज बॉक्स में एक महिला और एक बच्ची के शव छिपाकर रखे गए थे। फिर दोनों को तत्काल AIIMS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम और FSL टीम ने घटनास्थल की जांच कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
गला और मुंह दबाने से हुई मौत
पुलिस ने मृतकों की पहचान ज्योति पत्नी सुदर्शन, उम्र 35 वर्ष, गृहिणी, निवासी आली विहार और ज्योति व सुदर्शन की 6 वर्षीय बेटी के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई थी, लेकिन 21 फरवरी को कराए गए पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला दबाना और मुंह दबाकर दम घोंटना बताया गया है। पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
उसी इमारत के निवासी पर है शक
प्रारंभिक जांच और स्थानीय पूछताछ के दौरान उसी इमारत में रहने वाले पेशे से अकाउंटेंट दीन दयाल को इस हत्याकांड का मुख्य संदिग्ध माना गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने दिया आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करके आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- शादी समारोह में गई 7 साल की मासूम से हैवानियत, दरिंदे ने पंडाल से 200 मीटर दूर ले जाकर की दरिंदगी