1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में ठंड ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, आज 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा

दिल्ली में ठंड ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, आज 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 18, 2020 08:40 am IST,  Updated : Dec 18, 2020 08:40 am IST

देश के उत्तरी क्षेत्र में शुक्रवार को प्रचंड शीत लहर जारी है जिससे ठंड लगातार बढ़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली में सर्दी के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। यहां पर पिछले 10 सालों में सबसे भयंकर सर्दी पड़ रही है।

Delhi Cold- India TV Hindi
दिल्ली में ठंड ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, आज 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: देश के उत्तरी क्षेत्र में शुक्रवार को प्रचंड शीत लहर जारी है जिससे ठंड लगातार बढ़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली में सर्दी के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। यहां पर पिछले 10 सालों में सबसे भयंकर सर्दी पड़ रही है। दिल्ली में रात या सुबह ही नहीं, बल्कि दिन का तापमान भी गिर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया जो इस सीजन का अबतक का सबसे कम तापमान है। वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी भी दी है कि दिल्ली पर ठंड का टॉर्चर तो अभी बस शुरू ही हुआ है। दिसंबर में दिल्ली में दिन में भी जबरदस्त ठंड होगी और शीतलहर चलेगी।

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार ‘ठंडा दिन’ रहा जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। ‘ठंडा दिन’ उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया क्योंकि पश्चिमी हिमालय से उठीं बर्फीली हवाएं लगातार दिल्ली में चल रही हैं। आयानगर और रिज मौसम स्टेशनों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। आईएमडी मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर की घोषणा तब करता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.

5 डिग्री सेल्सियस कम हो।

उन्होंने कहा,‘‘दिल्ली जैसे छोटे इलाके के लिए शीतलहर की घोषण तब भी की जा सकती है जब उक्त स्थितियां एक दिन के लिए भी बन जाएं।’’ शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में केलांग, मनाली और कल्पा में पिछले 24 घंटों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की कमी आई है।

मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा। पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप शुरु हो गया है और बृहस्पतिवार को पारा सामान्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में अंबाला, हिसार, करनाल, भिवानी, रोहतक और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.4 डिग्री, 4.2 डिग्री, 4.9 डिग्री, 4.8 डिग्री, 4.4 डिग्री और 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री जबकि लुधियाना में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में न्यूनतम तापमान 5.8, आदमपुर में 6.6 डिग्री, हलवाड़ा में छह डिग्री और बठिंडा में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।