1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में हीट स्ट्रोक के चलते 5 लोगों ने और तोड़ा दम, गर्मी से मरने वालों की संख्या हुई 58

दिल्ली में हीट स्ट्रोक के चलते 5 लोगों ने और तोड़ा दम, गर्मी से मरने वालों की संख्या हुई 58

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 22, 2024 07:31 am IST,  Updated : Jun 22, 2024 08:13 am IST

दिल्ली में इस बार रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया। बढ़ते तापमान के बीच दिल्ली के कई इलाकों में हीट स्ट्रोक के चलते लोग बीमार हुए और अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : SOCIAL MEDIA

राजधानी दिल्ली में इस साल मई और जून के महीने में रिकॉर्डतोड़ तापमान दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के चलते लोग बेहाल हो गए। भीषण गर्मी, लू (Heatwave) और हीट स्ट्रोक के चलते दिल्ली में 5 और लोगों ने दम तोड़ दिया। दिल्ली में गर्मी से मरने वालों की कुल संख्या 58 हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली के सरकारी अस्पतालों ने हीट स्ट्रोक के चलते पिछले 24 घंटों में पांच लोगों की मौत की सूचना दी है, जबकि दोपहर में शहर में बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है।

सफदरजंग अस्पताल में 3 और RML में 2 की मौत

दिल्ली के सरकारी अस्पतालों और राज्य सरकार द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में अप्रैल से ही अत्यधिक गर्मी के कारण मौतें हो रही हैं। सफदरजंग अस्पताल ने गुरुवार को 3 नई मौतों की पुष्टि की और राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में पिछले 24 घंटों में हीट स्ट्रोक के दो और गंभीर रूप से बीमार मरीजों ने दम तोड़ दिया।

हीट स्ट्रोक के 14 मरीज वेंटिलेटर पर

सफदरजंग अस्पताल ने गुरुवार को 10 नए मरीजों को भर्ती किया और अस्पताल में हीट स्ट्रोक के इलाज के लिए कुल 26 लोग हैं। इनमें से 14 गंभीर रूप से बीमार हैं और वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। मार्च से अब तक कुल 88 लोग भर्ती हुए हैं, जिनमें से 66 मरीज 16 जून से भर्ती हुए हैं। 

तापमान में गिरावट आने से अब मिलेगी राहत

आंकड़ों के अनुसार, अस्पताल ने इस मौसम में अब तक 28 लोगों की मौत की सूचना दी है। शुक्रवार को आरएमएल के आपातकालीन वार्ड में हीट स्ट्रोक का कोई नया मामला सामने नहीं आया। साथ ही अस्पताल ने कहा कि तापमान में गिरावट से कुछ राहत मिली है। 

48 घंटों में 14 लोगों की मौत

गुरुवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले 48 घंटों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के कारण 310 लोगों को कई सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से गर्मी और हीट स्ट्रोक के चलते 14 लोगों की मौत हो गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।