1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में सोमवार को सबसे गर्म रहा नवंबर, 13 सालों का टूटा रिकॉर्ड, इतना दर्ज हुआ तापमान

दिल्ली में सोमवार को सबसे गर्म रहा नवंबर, 13 सालों का टूटा रिकॉर्ड, इतना दर्ज हुआ तापमान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Nov 08, 2022 11:08 am IST,  Updated : Nov 08, 2022 11:48 am IST

Delhi Weather Update: राजधानी में सोमवार को गर्मी ने 13 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 2008 के बाद नवंबर महीने में अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदूषण और हवाओं में हुए बदलाव इसकी वजह है।

दिल्ली में तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड- India TV Hindi
दिल्ली में तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड Image Source : PTI

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नवंबर शुरू होने के साथ ही ठंड भी बढ़ने लगती है। हालांकि, इस साल के नवंबर में ठंड दस्तक देने के साथ ही गायब होते दिख रही है। इन दिनों राजधानी में प्रदूषण से जूझ रहे लोगों को अब पसीने भी आ रहे हैं। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने 13 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।  

इससे पहले 2008 में इस महीने में यह तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदूषण और हवाओं में हुए बदलाव इसकी वजह है। यह गर्मी ज्यादा दिन नहीं रहेगी। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान जहां मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

पीतमपुरा में सामान्य से 5 डिग्री अधिक तापमान

लोदी रोड में यह 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में 33.4, जाफरपुर में 33, नजफगढ़ में 34.3, पीतमपुरा में 34.6, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 34.5 डिग्री तक रहा। पीतमपुरा में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 3 दिन पहले ही बढ़ना शुरू हो चुका है। न्यूनतम तापमान सोमवार को 17 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। 

पालम में न्यूनतम तापमान 19.5, गुरुग्राम में 18.1, गाजियाबाद में 18.9, जाफरपुर में 18.7, मंगेशपुर में 17.7 नजफगढ़ में 21.7, पीतमपुरा में 21.8, सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 21.3 और मयूर विहार में 19.1 डिग्री रहा। पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक रहा।

नवंबर में कब कितना रहा अधिकतम तापमान

7 नवंबर 2022- 33 डिग्री

4 नवंबर 2008- 33.5 डिग्री
3 नवंबर 2001 - 36.1 डिग्री

वहीं, हवाओं में नमी का स्तर 38 से 96 प्रतिशत तक रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को आंशिक तौर पर बादल देखने को मिलेंगे। सुबह के समय हल्का कोहरा रह सकता है। अधिकतम तामपान 32 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आस-पास रहेगा।

गुरुवार को हल्की बारिश के अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 8 और 9 नवंबर को आंशिक बादल दिखाई देंगे। 10 नवंबर को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। सर्दियों की यह पहली बारिश होगी। बारिश यदि हल्की हुई, तो यह प्रदूषण की समस्या को गंभीर कर सकती है। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 10 से 13 नवंबर तक 30 डिग्री के आस-पास बना रहेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव की उम्मीद नहीं हैं। यह 16 से 17 डिग्री के आस-पास रहेगा।

स्काईमेट के मुताबिक, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान भी अभी 30 डिग्री से नीचे आने की संभावना नहीं हैं। दोनों ही अगले दो से तीन दिनों तक सामान्य से ऊपर रहेंगे। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से हवाएं हल्की रहेंगी और दक्षिण पूर्वी दिशा से चलेंगी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से दिल्ली-एनसीआर के आस-पास कुछ समय तक सर्कुलेशन भी बना रहेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।