नई दिल्ली: भारत की राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में एक 23 साल की युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके साथ अपहरण, गैंगरेप और धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना की गई। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। युवती के मुताबिक, साल 2021 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने खुद को 'साहिल' बताया जबकि बाद में पता चला कि उसका असली नाम 'फहीम' है।
Related Stories
'आरोपी ने खुद को संपन्न हिंदू परिवार का बताया था'
युवती के मुताबिक, आरोपी ने खुद को संपन्न हिंदू परिवार का बताया और शादी का झांसा देकर युवती का विश्वास जीता। युवती का आरोप है कि 2022 में आरोपी ने उसे बटला हाउस बुलाकर उसके साथ गैंगरेप किया। उसने कहा कि घटना का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया गया। इसके बाद युवती को मेरठ ले जाया गया, जहां उसके साथ दोबारा गैंगरेप का आरोप है। पीड़िता ने बताया कि मेरठ में उसे पता चला कि फहीम और उसका परिवार अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़ा हुआ है। वहां उसे डराने के लिए खून में भिगोया जाता था और जानवरों का मांस फेंका जाता था।
'आरोपी ने मंडोली जेल से फोन करके धमकियां दीं'
युवती के मुताबिक, उसके साथ 'तस्लीम मौलवी' नाम के व्यक्ति ने भी प्रताड़ना की। उसने बताया कि वर्ष 2025 में गुरुग्राम पुलिस ने फहीम को गिरफ्तार किया था। उसके मोबाइल फोन से युवती की तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए थे। इसके बावजूद आरोपी ने मंडोली जेल से फोन करके धमकियां दीं। दुबई नंबर से भी धमकी भरे कॉल आए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली घटना बटला हाउस इलाके में होने के कारण जामिया नगर थाने में FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच चल रही है और सभी पहलुओं पर गहराई से काम किया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।