1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के स्कूलों में बढ़ रहे आंखों में संक्रमण के मामले, तीन से चार दिन में ठीक हो रहे मरीज

दिल्ली के स्कूलों में बढ़ रहे आंखों में संक्रमण के मामले, तीन से चार दिन में ठीक हो रहे मरीज

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 25, 2023 11:06 pm IST,  Updated : Jul 25, 2023 11:06 pm IST

राजधानी दिल्ली में आई फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। खासतौर से स्कूलों में इसका जबरदस्त प्रकोप देखने को मिल रहे है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : INSTAGRAM/SIXTYANDME

नयी दिल्ली: दिल्ली के स्कूलों में पिछले तीन से चार दिनों में आंखों में संक्रमण के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। हालत यह हैं कि कुछ स्कूलों में संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए हर दिन कम से कम ऐसे 10 से 12 बच्चों को घर वापस भेज दिया जाता है, जिनमें लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

स्वच्छता नियमों का पालन करने की जरूरत

 दिल्ली में आंख में लालपन व अन्य संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं और कई चिकित्सकों ने यह चेतावनी दी है कि यह संक्रमण अत्यधिक संक्रामक हैं और इसके प्रसार को रोकने के लिए उचित स्वच्छता नियमों का पालन करने की आवश्यकता है। 

चौथी से सातवीं क्लास तक के बच्चों में ज्यादा संक्रमण

सेंट मैरी स्कूल की प्रधानाचार्य एनी कोशी ने बताया कि जो बच्चे आंखों के संक्रमण से पीड़ित हैं, उनमें से ज्यादातर चौथी से सातवीं कक्षा तक के बच्चे हैं और वे तीन से चार दिनों के भीतर ठीक हो रहे हैं। कोशी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''विद्यार्थियों की स्थिति में सुधार हो रहा है और तीन से चार दिन में वापस कक्षाओं में आ जाएंगे।'' 

रोजाना कम से कम 10 से 12 बच्चों को वापस भेज रहे

उन्होंने बताया, ''हालांकि इस वजह से हम रोजाना कम से कम 10 से 12 बच्चों को वापस घर भेज रहे हैं।'' उन्होंने बताया कि सैंट मैरी स्कूल में अभी तक टाइफाइड या फिर अन्य किसी बीमारी का कोई मामला सामने नहीं आया है। 

‘दिल्ली स्टेट पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन’ के अध्यक्ष आर.सी.जैन ने बताया कि वे छात्र, जिन्हें आंखों का संक्रमण हैं उनसे तब तक कक्षाओं में नहीं आने को कहा गया है जब तक वह पूरी तरह से ठीक नहीं हो जाते। उन्हें उनके संबंधित प्रधानाचार्यों और शिक्षकों द्वारा भी जागरूक किया जा रहा है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।