दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि महिला अपने नाबालिग बच्चे का इस्तेमाल गांजा बेचने और उसकी सप्लाई करने के लिए कर रही थी। पुलिस ने महिला और उसके नाबालिग बच्चे के कब्जे से कुल 43 पुड़िया गांजा बरामद किया है।
नाबालिग बच्चे के पास से 6 पुड़िया बरामद
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की शाम करीब 7 बजे चाणक्यपुरी थाने की टीम संजय कैंप इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक नाबालिग बच्चे को संदिग्ध हालत में देखा। बच्चे के पास कई छोटी पॉलीथिन की पुड़िया थीं। तलाशी लेने पर उसके पास से 6 पुड़िया बरामद हुईं, जिनमें गांजा होने का संदेह था।
बच्चे का कबूलनामा- मां ने पुड़िया बेचने को कहा
पूछताछ के दौरान बच्चे ने पुलिस को बताया कि ये पुड़िया उसकी मां ने उसे बेचने के लिए दी थीं। इसके बाद पुलिस की टीम एक्टिव हो गई। बच्चे की निशानदेही पर पुलिस ने उसकी मां को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी महिला से कड़ाई से पूछताछ करना शुरू कर दिया है।
कुल 43 पुड़ियां की गई बरामद
पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान 39 वर्षीय पिंकी, पत्नी एनाजमुल हक, निवासी संजय कैंप, चाणक्यपुरी के रूप में की है। महिला की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से गांजे की 37 और पुड़िया बरामद की गईं। इस तरह पुलिस के मुताबिक, कुल 43 पुड़ियां बरामद हुईं।
पहले भी आरोपी महिला दो बार हो चुकी गिरफ्तार
पुलिस ने बरामद पदार्थ की जांच कर उसे नशीला पदार्थ पाया और जब्त करने के बाद सील कर दिया। पुलिस के अनुसार, पिंकी पहले भी नशीले पदार्थों से जुड़े दो मामलों में शामिल रही है। इस साल नशीले पदार्थों से जुड़े मामले में यह उसकी तीसरी गिरफ्तारी है।
आखिर महिला कहां से लाती ये नशीला पदार्थ?
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ NDPS एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला नशीला पदार्थ कहां से लाती थी। इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
ये भी पढ़ें:
दिल्ली स्लीपर बस गैंगरेप केस में 398 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, जैविक साक्ष्य अहम