1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के खान मार्केट में स्थित रेस्तरां में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

दिल्ली के खान मार्केट में स्थित रेस्तरां में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Feb 26, 2025 03:25 pm IST,  Updated : Feb 26, 2025 03:25 pm IST

दिल्ली के खान मार्केट में स्थित एक रेस्तरां में आज भीषण आग लग गई। इस दौरान कई दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पा लिया। बता दें कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

Fire broke out in a restaurant located in Delhis Khan Market several fire engines brought the fire u- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

दिल्ली के खान मार्केट स्थित एक रेस्तरां में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात आग लग गई, हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली अग्निशमन विभाग (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन विभाग को देर रात 2:56 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि आस-पास के दो रेस्तरां की छत पर बने एक बार और खाना खाने के लिए बैठने वाले स्थान पर आग लगी थी। डीएफएस ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

मायापुरी की फैक्ट्री में भी लगी आग

वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के ही मायापुरी इलाके में एक फैक्ट्री में आज आग लग गई है। दमकल की 9 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं हैं और खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दिल्ली फायर सर्विस ने खुद ये जानकारी दी है। हाल ही में कनॉट प्लेस स्थित एक रेस्तरां में भी आग लग गई थी। दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने इस घटना के बारे में जानकारी साझा की थी। आग लगने की घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने जानकारी दी थी कि कनॉट प्लेस पर आग लगने की ये घटना सोमवार को शाम 7:56 बजे की है। 

कनॉट प्लेस स्थित रेस्तरा में भी लगी थी आग

ये घटना कनॉट प्लेस के एम-ब्लॉक स्थित इंपीरियल स्पाइस रेस्तरां में हुई। इस आग को बुझाने के लिए चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर सामने नहीं आई। अधिकारी के मुताबिक, रेस्तरां की पहली मंजिल की चिमनी से वहां आग लगी। दूसरी ओर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली क्षेत्र के लाजपत नगर इलाके में स्थित एक रेस्तरां में भी सोमवार को आग लग गई थी। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने इस घटना के बारे में पूरी जानकारी दी थी। इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की खबर सामने नहीं आई थी। दमकल विभाग के मुताबिक, आग लगने की ये घटना सोमवार को सुबह 9.53 बजे हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।