1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. फिर मुश्किलों में सत्येंद्र जैन, ED ने 7.44 करोड़ की प्रॉपर्टी की जब्त, जानिए पूर्व मंत्री के करीबियों का खेल

फिर मुश्किलों में सत्येंद्र जैन, ED ने 7.44 करोड़ की प्रॉपर्टी की जब्त, जानिए पूर्व मंत्री के करीबियों का खेल

 Reported By: Atul Bhatia Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 23, 2025 05:50 pm IST,  Updated : Sep 23, 2025 06:17 pm IST

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की 7.4 करोड़ की प्रॉपर्टी को जब्त की है। ईडी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले पर ये कार्रवाई की है। ईडी द्वारा सत्येंद्र जैन की अभी तक कुल 12 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त हो चुकी है।

दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन- India TV Hindi
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन Image Source : PTI

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येन्द्र कुमार जैन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ईडी ने सत्येंद्र जैन की 7.44 करोड़ रुपये की बेनामी प्रॉपर्टी को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के तहत की गई है।

आमदनी से ज्यादा बनाई संपत्ति

दरअसल, ईडी की ये जांच सीबीआई द्वारा दर्ज की गई उस एफआईआर पर आधारित है, जो 24 अगस्त 2017 को दर्ज हुई थी। इसमें आरोप था कि मंत्री रहते हुए (फरवरी 2015 से मई 2017 के बीच) सत्येन्द्र जैन ने अपनी आमदनी से कहीं ज्यादा संपत्ति बनाई।

पहले 4.81 करोड़ की प्रॉपर्टी हुई थी जब्त

ईडी ने इससे पहले 31 मार्च 2022 को जैन से जुड़ी कंपनियों की 4.81 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की थी और 27 जुलाई 2022 को अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। इस पर अदालत ने संज्ञान भी ले लिया था।

सत्येंद्र जैन के करीबियों ने बैंक में जमा किए करोड़ों रुपये

जांच में सामने आया कि नोटबंदी के तुरंत बाद (नवंबर 2016 में) सत्येन्द्र जैन के करीबी अंकुश जैन और वैभव जैन ने दिल्ली के बैंक ऑफ बड़ौदा, भोगल ब्रांच में 7.44 करोड़ रुपये कैश जमा किए थे। यह पैसा उन्होंने इनकम डिस्क्लोजर स्कीम (IDS) के तहत एडवांस टैक्स के रूप में भरा था।

ऐसे आया सच सामने

उन्होंने दावा किया कि यह पैसा उनकी चार कंपनियों अकिनचन डेवेलपर्स, प्रयास इंफोसोल्यूशंस, मंगलायतन प्रोजेक्ट्स और इंडो मेटल इम्पेक्स से आया है। लेकिन आयकर विभाग और अदालतों ने माना कि ये कंपनियां असल में सत्येन्द्र जैन की ही हैं और अंकुश-वैभव सिर्फ उनके बेनामी हैं। दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट दोनों ने ही इस पर मुहर लगाई और अंकुश-वैभव की सभी याचिकाएं खारिज कर दीं।

अब तक कुल 12.25 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त

ईडी ने यह जानकारी सीबीआई को भी दी, जिसके आधार पर सीबीआई ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की और जैन की बेनामी संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ा दिया। वहीं, अब ईडी ने सत्येंद्र जैन की 7.44 करोड़ की और संपत्ति जब्त कर ली है। इस तरह अभी तक कुल 12.25 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी जब्त हो चुकी है, जो पूरी तरह से सत्येंद्र जैन की कथित तौर पर अर्जित अवैध संपत्ति मानी जा रही है।

राउज एवेन्यू कोर्ट में चल रही सुनवाई

ईडी अब इस मामले में सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट दाखिल करने जा रही है। वहीं, केस की सुनवाई फिलहाल नई दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में चल रही है।

 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।