1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के सीलमपुर में नाबालिग की हत्या के बाद भारी हंगामा, आक्रोशित लोगों पर लाठीचार्ज

दिल्ली के सीलमपुर में नाबालिग की हत्या के बाद भारी हंगामा, आक्रोशित लोगों पर लाठीचार्ज

 Reported By: Sanjay Sah Edited By: Mangal Yadav
 Published : Sep 25, 2025 11:39 pm IST,  Updated : Sep 26, 2025 12:01 am IST

दिल्ली के सीलमपुर में चाकूबाजी में एक नाबालिग की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।

मृतक छात्र की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक बच्चे की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

नई दिल्लीः दिल्ली के सीलमपुर में गुरुवार रात में चाकू मारकर नाबालिग की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद इलाके में भारी हंगामा हुआ। बच्चे की हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम किया। हालात को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी हिरासत में ले लिया है। 

मौके से चाकू बरामद

पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात लगभग 8:27 बजे थाना सीलमपुर क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को पहले ही जेपीसी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान करण (15 वर्ष), पुत्र तेजपाल, निवासी न्यू सीलमपुर के रूप में हुई है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना में शामिल आरोपी (सीसीएल) को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त हथियार (चाकू) भी बरामद कर लिया गया है। थाना सीलमपुर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन

लड़के के एक रिश्तेदार ने कहा कि हमें नहीं पता कि उसे चाकू क्यों मारा गया। इस हत्या से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। लड़के के परिवार ने पड़ोसियों के साथ मिलकर न्याय और गहन जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कहा कि वे सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मारी

वहीं, उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में बृहस्पतिवार सुबह हरियाणा रोडवेज की एक बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और इस हादसे में दोपहिया वाहन सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 7.25 बजे आउटर रिंग रोड पर संजय अखाड़ा के पास हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस की टक्कर के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई और इसके बाद बस ने दोपहिया वाहन पर सवार दोनों लोगों को रौंद दिया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।