आईआईटी दिल्ली कैंपस में शनिवार सुबह 31 वर्षीय M.Sc. फिजिक्स के छात्र की मौत से हड़कंप मच गया। पुलिस को सुबह करीब 8 बजकर 33 मिनट पर घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को कैंपस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों और इससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छात्र के गंभीर रूप से घायल होने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजकर 33 मिनट पर PCR कॉल के जरिए आईआईटी दिल्ली कैंपस में एक छात्र के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही किशनगढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। छात्र को तत्काल आईआईटी दिल्ली कैंपस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैंपस में पहुंचा था छात्र
जांच में सामने आया है कि 31 वर्षीय छात्र एमएससी फिजिक्स विभाग में पढ़ रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह सुबह करीब 8 बजे IIT दिल्ली के मुख्य गेट से कैंपस में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की ओर गया था। कुछ देर बाद यह घटना सामने आई।
मौके पर पहुंची क्राइम टीम
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्राइम टीम और FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में छात्र के शरीर पर गिरने से लगी चोटों के अलावा किसी अन्य चोट के निशान सामने नहीं आए हैं।
सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्र की जेब से मोबाइल फोन मिला है। पुलिस इसे नियमानुसार जांच के लिए लेगी। इसके अलावा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
काउंसलिंग रिकॉर्ड की जांच
पुलिस आईआईटी प्रशासन से छात्र के काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य संबंधित जानकारी हासिल कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों को भी सत्यापित किया जा रहा है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
IIT दिल्ली ने क्या कहा
हादसे पर IIT दिल्ली ने एक बयान में कहा, 'संस्थान 22 अगस्त 2026 को M.Sc. के एक छात्र की दुखद और असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करता है। दिल्ली पुलिस इस दुखद घटना की जांच कर रही है। हमारी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। संस्थान उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।'
ये भी पढ़ेंः पत्नी की बेरहमी से हत्या कर सेप्टिक टैंक में फेंका शव, दिल्ली HC ने आरोपी को बेल देने से किया इनकार