1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. फिर जंग का अखाड़ा बना जेएनयू, एबीवीपी और लेफ्ट के बीच झड़प, सुबह-सुबह पथराव और मारपीट-VIDEO

फिर जंग का अखाड़ा बना जेएनयू, एबीवीपी और लेफ्ट के बीच झड़प, सुबह-सुबह पथराव और मारपीट-VIDEO

 Reported By: Ila Kazmi,  Abhay Parashar Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Feb 23, 2026 07:42 am IST,  Updated : Feb 23, 2026 09:09 am IST

जेएनयू में छात्र नेताओं के बीच हुई झड़प के कई वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में छात्र गंभीर रूप से घायल नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में छात्र हाथ में डंडा लेकर टहलते हुए भी नजर आए।

जेएनयू में ABVP और Left के छात्र नेता आमने सामने- India TV Hindi
जेएनयू में ABVP और Left के छात्र नेता आमने सामने Image Source : REPORTER INPUT

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) एक बार फिर जंग का अखाड़ा बन गई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पर पथराव का आरोप है। वहीं, एबीवीपी का कहना है कि उनके साथ लेफ्ट पार्टी के छात्रों ने मारपीट की है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आरोप लगाया है कि वामपंथी समूहों ने उनके सदस्यों पर हमला किया, जिनमें प्रतीक भारद्वाज भी शामिल हैं, जिन्हें पीटा गया और उन पर अग्निशामक पाउडर फेंका गया। 

ABVP के नेता को बेरहमी से पीटे जाने का आरोप

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में ABVP ने दावा किया, 'जेएनयू के स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के बायोटेक्नोलॉजी छात्र प्रतीक भारद्वाज पर स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज परिसर के अंदर वामपंथी गुंडों ने हमला किया। पहले उनकी आंखों में अग्निशामक पाउडर डाला गया और फिर बेरहमी से पीटा गया। यह भी आरोप है कि इस जानलेवा हमले के दौरान एक सिलेंडर भी खोला गया और उसका इस्तेमाल किया गया। वह गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। उनकी हालत गंभीर है।'

सोमवार सुबह दोनों गुटों में हुई झड़प

23 फरवरी की सुबह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में वामपंथी समूहों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसके परिणामस्वरूप कई छात्र घायल हो गए।  इस घटना ने आक्रोश को जन्म दिया है, और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। 

JNUSU ने बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस

जेएनयू स्टूडेंट संघ (JNUSU) ने सोमवार को सभी मीडिया वालों को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए बुलाया है। इसमें कहा गया कि जातिवादी और सामंतवादी ABVP ने JNUSU के इक्वालिटी मार्च पर हिंसक हमला करके की थी। मार्च का मकसद दलितों और UGC इक्विटी रेगुलेशंस के बारे में अपमानजनक बातें करने के लिए VC के इस्तीफे की मांग करना है।

ABVP ने वीडिया जारी कर दिया बयान

इस पूरे घटनाक्रम का एबीवीपी ने एक वीडियो जारी किया और बयान भी दिया है। एबीवीपी ने कहा, 'वीडियो में देखिए किस प्रकार वामपंथी संगठन के लोग हाथ में पत्थर लाठी ले कर घूम रहे हैं। जब हम वीडियो रिकॉर्ड करने लगे तो वहां से भागना शुरू कर दिए। वामपंथियों का हमेशा से यही फसाना है, जब खुद से क्रांति नहीं होती है तो जबरदस्ती अपनी क्रांति छात्रों पर लादना शुरू कर देते है।'

लेफ्ट विंग के छात्रों ने की पत्थरबाजी- ABVP

एबीवीपी ने आगे कहा, 'आज जब वामपंथी संगठन के स्कूल में ताला बंद करने लगे तो वहां रीडिंग रूम्स में पढ़ने वाले छात्रों ने उसका विरोध किया और उन्हें मारना शुरू कर दिया, जिसको लेकर हम बात करने गए तो हमारे ऊपर भी पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिस जेएनयूएसयू को छात्र चुनता है की वो छात्रहित के मुद्दे उठायेगा उसी छात्र संघ की अध्यक्षा पत्थर लाठी से लैश मॉब लेकर छात्रों पर अटैक करवा रही है।' 

छात्रों के भविष्य से मत खेलिए- ABVP

एबीवीपी ने कहा, 'जेएनयूएसयू से पुनः आग्रह है कि अपनी व्यक्तिगत राजनीति के लिए छात्रों के भविष्य से मत खेलिए। आंदोलन करना आपका अधिकार है, आप आंदोलन करिए पर प्रशासन के खिलाफ ना की जेएनयू के छात्रों के शिक्षा के खिलाफ रहिए।'

कल शाम को यूनिवर्सिटी में निकाला गया था समानता मार्च

दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में कल शाम को  कुलपति के जातिवादी बयान और छात्रसंघ के मौजूदा व पूर्व अध्यक्ष के निष्कासन के विरोध में कैंपस में ‘समानता मार्च’ निकाला था। इसके बाद वामपंथी छात्रो का आरोप था कि एबीवीपी ने उन पर पथराव किया। वहीं, एबीवीपी का कहना है कि लेफ्ट एक छात्रों ने लाइब्रेरी में घुस कर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को मारा। यहां तक जब छात्र वाशरूम में बचने के लिए छुपे तो फायर एक्स्टिनगुइशर भी डाला।

एबीवीपी का कहना है के कई छात्र घायल हुए हैं। दोनों ओर से आरोप और प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। एबीवीपी लेफ्ट छात्रो के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।