1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. गुरुग्राम हिट एंड रन केस में कल्याण बैसला और नवनीत को 2 दिन की पुलिस रिमांड, पुलिस करेगी पूछताछ

गुरुग्राम हिट एंड रन केस में कल्याण बैसला और नवनीत को 2 दिन की पुलिस रिमांड, पुलिस करेगी पूछताछ

 Published : Sep 16, 2026 02:26 pm IST,  Updated : Sep 16, 2026 02:26 pm IST

हरियाणा के गुरुग्राम हिट-एंड-रन केस में बुधवार को पुलिस ने आरोपी कल्याणा बैंसला और उसके साथी का मेडिकल करवाकर कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

गुरुग्राम हिट एंड रन केस में कल्याण बैसला और नवनीत को 2 दिन की पुलिस रिमांड, पुलिस करेगी पूछताछ- India TV Hindi
गुरुग्राम हिट एंड रन केस में कल्याण बैसला और नवनीत को 2 दिन की पुलिस रिमांड, पुलिस करेगी पूछताछ Image Source : INDIA TV

गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में आरोपी कल्याण बैसला और नवनीत को कोर्ट ने 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को गुरुग्राम कोर्ट के कोर्ट नंबर 10 में जज निधि की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों की 2 दिन की रिमांड मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। अब रिमांड के दौरान गुरुग्राम पुलिस दोनों आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ करेगी।

कोर्ट ने दी 2 दिन की रिमांड

पुलिस ने कोर्ट में दोनों आरोपियों की 2 दिन की रिमांड की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जज निधि ने पुलिस की मांग स्वीकार कर ली। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से हादसे से जुड़े सवालों के साथ-साथ घटना के बाद उनके फरार होने और मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं पर पूछताछ करेगी।

सिया की मांग कार में सवार चारों लोगों पर हो कार्रवाई
सिया ने कहा कि इस मामले में सिर्फ ड्राइवर ही नहीं, बल्कि कार में मौजूद चारों लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से हुई गिरफ्तारी मामले की प्रक्रिया का सिर्फ पहला कदम है। सिया ने कहा, “यह प्रक्रिया का सिर्फ पहला कदम है। अगर कोई हत्या के प्रयास जैसा अपराध करके बच निकलता है, तो जाहिर तौर पर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने यह पहली कार्रवाई की है। मेरी मांग है कि उस कार में मौजूद चारों लोगों को गिरफ्तार किया जाए और सभी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद चारों लोग एक साथ मौके से भागे थे। सिया ने कहा, “घटना के बाद चारों लोग एक साथ वहां से भाग गए। चूंकि घटना में चारों की भूमिका थी, इसलिए चारों को सजा मिलनी चाहिए।”

वीडियो वायरल होने के बाद हुई आरोपी की गिरफ्तारी
यह पूरा मामला गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुए हादसे से जुड़ा है। घटना का वीडियो कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था, जिसमें सिया के दोपहिया वाहन और कथित तौर पर कल्याण बैसला की कार के बीच टक्कर दिखाई देती है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने काफी तूल पकड़ा। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से हिरासत में लिया। अब कल्याण बैसला और नवनीत को कोर्ट से 2 दिन की पुलिस रिमांड मिलने के बाद पुलिस दोनों से पूछताछ करेगी।

(रिपोर्ट - गोहित कौशिक)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।