नई दिल्ली: ऑनलाइन दवाइयां और हेल्थ सप्लीमेंट बेचने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया है। ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में दो 22 वर्षीय आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान हितेन कुमार और आयुष आर्य के रूप में हुई है। पुलिस ने दो बैंक खातों में ठगी के 2.66 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन ट्रेस किया है। आरोपियों के पास से एक iPhone 15 Pro भी बरामद हुआ है। आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर।
पंजाब के लोगों को बनाया जा रहा था निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी www.openlifevedixa.com नाम की वेबसाइट के जरिए लोगों को हेल्थ सप्लीमेंट और दवाइयां बेचने का झांसा देते थे। अमृतसर के रहने वाले धर्मवीर सिंह ने शिकायत की थी कि उन्होंने 27 से 30 सितंबर के बीच इस वेबसाइट से सामान खरीदने के लिए करीब 83,257 रुपये ऑनलाइन जमा किए थे, लेकिन उन्हें सामान नहीं मिला। शिकायत के आधार पर 21 अक्टूबर को ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के साइबर थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।
10 फीसदी कमीशन पर उपलब्ध कराते थे बैंक खाते
जांच में पुलिस को आयुष आर्य के नाम से SBI का बैंक खाता मिला। इसके बाद उसकी एक महिला मित्र से जुड़े बैंक खाते की भी जांच की गई। दोनों खातों में कुल 2,66,437 रुपये का संदिग्ध ट्रांजैक्शन मिला। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आयुष ने खुलासा किया कि उसने अपने बैंक खाते और महिला मित्र के बैंक खाते की जानकारी अपने चचेरे भाई हितेन कुमार को 10 फीसदी कमीशन पर दी थी। ठगी की रकम ATM से निकालकर हितेन को सौंप दी जाती थी।
वेबसाइट चलाने वाले की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, हितेन ने पूछताछ में एक अन्य व्यक्ति के बारे में बताया, जो कथित तौर पर फर्जी वेबसाइट चला रहा था और ऑनलाइन बिक्री के नाम पर लोगों से पैसे मंगवाता था। पुलिस अब वेबसाइट ऑपरेटर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों के पास से बरामद iPhone 15 Pro में वेबसाइट का लिंक और दोनों के बीच हुई WhatsApp चैट मिली है। पुलिस मोबाइल की जांच कर अन्य आरोपियों और संभावित पीड़ितों का पता लगा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- हितेन कुमार (22), ग्रेटर कैलाश, दिल्ली। 11वीं पास।
- आयुष आर्य (22), न्याय खंड-1, इंदिरापुरम, यूपी। बीकॉम फाइनल ईयर का छात्र।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली में अक्टूबर ने तोड़े मौसम के रिकॉर्ड, 12 साल में सबसे साफ हवा; 1951 के बाद सबसे ठंडा दिन