1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 17 साल बाद कानून के शिकंजे में अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी, दिल्ली पुलिस ने बिजनौर से किया गिरफ्तार

17 साल बाद कानून के शिकंजे में अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी, दिल्ली पुलिस ने बिजनौर से किया गिरफ्तार

 Published : Jun 18, 2026 09:42 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 09:42 pm IST

दिल्ली पुलिस ने अपहरण ओर दुष्कर्म के मामले के आरोपी इरशाद उर्फ सोनू को 17 साल बाद बिजनौर से गिरफ्तार किया। पढ़ें पूरी खबर।

Delhi News- India TV Hindi
अपहरण का आरोपी गिरफ्तार Image Source : MAGNIFIC

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पिछले 17 सालों से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को दिल्ली पुलिस ने बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अधिकारियों ने गुरुवार के दिन यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरशाद अहमद उर्फ सोनू के रूप में हुई है जो अदालत द्वारा घोषित एक भगोड़ा अपराधी था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर 25,000 रुपए का इनाम भी रखा था। आइए विस्तार से जानते हैं क्या है पूरा मामला। 

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया,"यह मामला नौ अप्रैल, 2009 को दिल्ली के बिंदापुर थाने में दर्ज किया गया था। बुटीक चलाने वाली शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके बुटीक में दर्जी का काम करने वाले अहमद ने उसकी 17 साल की बेटी का शादी का झांसा देकर अपहरण कर लिया और उसका यौन शोषण किया।" अधिकारी ने कहा कि वारदात के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया और पुलिस की बार-बार कोशिशों के बावजूद गिरफ्तारी से बचता रहा। 

चंडीगढ़ से पासपोर्ट बनवाकर भागा कुवैत

दिल्ली पुलिस के अनुसार, फरार रहने के दौरान ही आरोपी ने किसी दूसरी महिला से भी शादी कर ली थी। दिल्ली की अदालत ने 25 मई 2011 को अहमद को भगोड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस अधिकारी ने बताया, "अपराध शाखा को अहमद का पता लगाने और उसे पकड़ने का काम सौंपा गया था। एक टीम ने पुराने रिकॉर्ड की दोबारा जांच की और नए सुराग जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फरार रहने के दौरान अहमद ने चंडीगढ़ से पासपोर्ट बनवाया था और 2011 में कुवैत चला गया था।" 

पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि अहमद कभी-कभार ही भारत आता था जिसके कारण उसको पकड़ पाना मुश्किल हो गया। अधिकारी ने आगे बताया कि हाल में पुलिस की एक टीम को पुख्ता जानकारी मिली थी कि आरोपी 3 जून को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव आया था। आरोपी के माह के आखिर तक वापस कुवैत लौटने की संभावना थी। यह जानकारी पाकर पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और 16 जून को बिजनौर से आरोपी को पकड़ लिया। 

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में घरेलू कलह के बाद पत्नी की चाकू गोदकर हत्या, पुलिस ने आरोपी पति को मुंबई से किया गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।