देश की राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरेलू झगड़े बाद एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पत्नि की हत्या करके आरोपी पति फरार हो गया था। दिल्ली पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के द्वारा गुरुवार के दिन इस मामले का खुलासा किया गया।
कमरे मिला था महिला का शव
पुलिस के अनुसार, 13 जून को कैलाश नगर स्थित निवास में संदिग्ध परिस्थितियों में एक शव मिला। जिसकी पहचान रुखसार (30 वर्ष) के रूप में हुई। शव को कब्जे में लेने के बाद स्थानीय पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें मृतका का पति खालिद नवी घटना के तुरंत बाद घर से निकलता हुआ दिखाई दिया। शक पुख्ता होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी। खालिद घटना को अंजाम देने के बाद फरार था और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल नहीं कर रहा था, ताकि पुलिस उसे ट्रैक न कर पाए।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "इसके बाद हमने खुफिया जानकारी और जमीनी स्तर पर व्यापक जांच-पड़ताल का सहारा लिया। जांच से पता चला कि आरोपी के तार उत्तर प्रदेश के बदायूं, कर्नाटक के हुबली, मुंबई और गोवा से जुड़े थे। पुलिस टीम को इन जगहों पर भेजा गया और साथ ही दिल्ली में भी तलाशी अभियान चलाया गया।" लगातार तीन दिनों की कोशिशों और अलग-अलग राज्यों की पुलिस के बीच तालमेल के बाद आरोपी के अपने भाई के संपर्क में होने का एक अहम सुराग मिला। पुलिस ने 16 जून को उसे मुंबई में ढूंढ निकाला, जहां वह अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था।
पुछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान खालिद ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी रुखसार से लगभग 15 साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे भी हैं। उसने कथित तौर पर बताया कि पिछले एक साल से जारी वैवाहिक झगड़ों और इस शक के कारण कि उसकी पत्नी का किसी और व्यक्ति के साथ संबंध है, उनके बीच अक्सर बहस होती रहती थी। अधिकारी ने बताया, "घटना वाले दिन, जब वह उससे सुलह करने की कोशिश कर रहा था तो उनके बीच बहस हो गई। इसके बाद उसने कथित तौर पर चाकू से पत्नी पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद वह दिल्ली से भाग गया और बिना टिकट कई ट्रेनों में सफर करते हुए मुंबई पहुंचा।" पुलिस ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने भाई से मदद लेने की योजना बना रहा था। उन्होंने बताया कि खालिद को पहले भी एहतियाती कार्रवाई के तहत छह बार गिरफ्तार किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें-