1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया दिल्ली का लाजपत नगर, 10 से 12 राउंड की हुई फायरिंग, पुरानी रंजिश का है मामला

गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया दिल्ली का लाजपत नगर, 10 से 12 राउंड की हुई फायरिंग, पुरानी रंजिश का है मामला

 Reported By: Atul Bhatia, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 13, 2024 10:40 pm IST,  Updated : Jul 13, 2024 11:11 pm IST

राजधानी दिल्ली में फायरिंग की घटना लाजपत नगर के पार्ट वन इलाके की है। गोलियों के तड़तड़ाहट से स्थानीय लोग काफी डर गए। पुलिस ने छानबीन शुरू कर पुरानी रंजिश का मामला बताया है।

छानबीन में जुटी पुलिस- India TV Hindi
छानबीन में जुटी पुलिस Image Source : FILE PHOTO-PTI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। दिल्ली का लाजपत नगर पार्ट वन गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा गया। शनिवार शाम 6:47 बजे करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चली हैं। गोलीबारी की घटना में एक शख्स घायल हो गया। गोलियों की तड़तड़ाट सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। तुंरत ही पुलिस को इस मामले की जानकारी दी।

शख्स के बाएं घुटने में लगी गोली

मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम 6:47 बजे एच ब्लॉक, लाजपत नगर के पार्ट-1 में झगड़े और गोलीबारी के बारे में एक कॉल प्राप्त हुई। तुरंत ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन के दौरान पाया कि अभिषेक सागर उर्फ ​​कात्या नामक व्यक्ति पर गोली से हमला किया गया है। उसके बाएं घुटने में गोली लगी हुई थी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुरानी रंजिश का है मामला

बताया जा रहा है कि अभिषेक तनेजा और उसके साथ वारदात को अंजाम देने में साथ थे। रोहित चौधरी के भी शामिल होने की बात बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अभिषेक कात्या ने नवंबर 2023 में रोहित चौधरी पर गोली चलाई थी। इसके ऊपर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। तब इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम देने की आशंका है। फिलहाल पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपड़ में जुट गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही दिल्ली पुलिस

पुलिस फायरिंग वाली जगह के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल अभिषेक सागर उर्फ कात्या को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि घायल कात्या का भी बयान दर्ज किया जाएगा। उसके बयान के बाद मामले की छानबीन में तेजी आएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।