1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में मची भगदड़ का आंखों देखा हाल, हादसे में 14 महिलाओं समेत कुल 18 की गई जान

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में मची भगदड़ का आंखों देखा हाल, हादसे में 14 महिलाओं समेत कुल 18 की गई जान

 Published : Feb 16, 2025 06:37 am IST,  Updated : Feb 16, 2025 07:26 am IST

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में मची भगदड़ के कई वीडियो सामने आ रहे हैं, जिसमें लोग अपनी जान बचाने के साथ-साथ परिजनों और चाहने वालों को भीड़ में से बाहर निकाल रहे हैं। भगदड़ हादसे में 18 लोगों की जान चली गई है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में भगदड़- India TV Hindi
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में भगदड़ Image Source : PTI

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में 14 महिलाओं समेत कुल 18 लोगों की मौत हो गई। कई अन्य घायल हो गए। यह घटना प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में सवार होने के लिए स्टेशन के प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर इंतजार कर रहे यात्रियों की भीड़ के कारण हुई, जहां महाकुंभ चल रहा है। 15-20 मिनट के भीतर ही अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि यात्री आगे की ओर भागने लगे, जिससे कई लोग हताहत और घायल हो गए।

विशेष ट्रेन में चढ़ने के दौरान मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो ट्रेनों के लेट होने के कारण प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 में भीड़ उमड़ पड़ी। लोग महाकुंभ जाने वाली विशेष ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़े, स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। अचानक उमड़ी भीड़ के कारण कुछ यात्री बेहोश हो गए। इससे भगदड़ की अफवाह फैल गई, जिससे और भी अफरा-तफरी मच गई।

भीड़ को नियंत्रित नहीं किया जा सका

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में एक प्रत्यक्षदर्शी रवि ने बताया, 'भगदड़ रात करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुई, जब प्लेटफॉर्म नंबर 13 पर मौजूद लोगों ने प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर ट्रेनें देखीं तो वे इन प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ गए। ट्रेनों के प्लेटफॉर्म नहीं बदले गए, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि उसे नियंत्रित नहीं किया जा सका।'

एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे लोग

एक पीड़ित ने बताया कि इस अफरातफरी में उसकी मां की मौत हो गई। उसने बताया, 'हम छपरा (बिहार) जा रहे थे, लेकिन भीड़ में मेरी मां की जान चली गई। लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे।' उसने आगे बताया कि डॉक्टर ने उसकी मौत की पुष्टि की है।

हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार रात को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। पीएम मोदी ने कहा कि अधिकारी इससे प्रभावित सभी लोगों की सहायता में जुटे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स कहा, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ जैसी स्थिति से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्दी ठीक हो जाएं।’ 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।