1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में चली धूल भरी आंधी, कई इलाकों में बत्ती गुल; 2 दिन बरसेंगे बदरा

दिल्ली-NCR में चली धूल भरी आंधी, कई इलाकों में बत्ती गुल; 2 दिन बरसेंगे बदरा

 Published : May 10, 2024 10:54 pm IST,  Updated : May 11, 2024 06:33 am IST

दिल्ली-NCR में शुक्रवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ले ली। धूल भरी आंधी और तूफान के बाद IMD ने अगले दो दिन बारिश होने का अनुमान जताया है।

dust storm- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

दिल्ली-NCR में शुक्रवार देर रात अचानक मौसम बदल गया। धूल भरी आंधी और तूफान के कारण लोगों को काफी तकलीफों का सामना करना पड़ा। खासतौर पर पैदल और दो पहिया चालकों को इससे काफी परेशानी हुई। तेज हवाओं के साथ उड़ी धूल की वजह से विजिबिलिटी भी कम हो गई। मौसम बिगड़ने के कारण डीएनडी पर लंबा जाम लग गया। वहीं, नोएडा के कई इलाकों में इसके कारण बिजली चली गई। वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए शनिवार और रविवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने जारी किया था आंधी-तूफान का अलर्ट

बता दें कि मौसम विभाग ने अपने अपडेट में कहा था कि आज पूरे दिल्ली और एनसीआर में धूल भरी आंधी/तूफान के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को सुबह से धूप खिली रही। दोपहर में गर्मी ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के मुताबिक नरेला इलाका सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को धूलभरी आंधी चलने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलेगी। साथ ही, हल्की बारिश होने के आसार हैं। इससे अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने के साथ 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। अगर बारिश होगी तो यह मई का पहला पश्चिमी विक्षोभ होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।