नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर जारी लॉकडाउन के दौरान सुरक्षा बंदोबस्त मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय सशस्त पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तैनाती बढ़ाते हुए सौ कंपनियों को तैनात किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
Related Stories
अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को आदेश जारी कर दिल्ली में लॉकडाउन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन कंपनियों में करीब 10,000 जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक कंपनी में करीब 100 जवानों की क्षमता होती है।
अधिकारी ने बताया कि फरवरी से अलग-अलग बैचों में राष्ट्रीय राजधानी में इन इकाइयों को तैनात किया गया था। इन 100 कंपनियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 41, द्रुत कार्य बल (आरएएफ) की 7, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 17, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की 6, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 16 और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 13 कंपनियां शामिल हैं।