दिल्ली के यमुना नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। कई इलाकों में बाढ़ आई हुई है। दिल्ली में हो रही बारिश से जलभराव की भी समस्याएं भी हो रही हैं। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता अपने विधानसभा क्षेत्रों यानी शालीमार बाग में विकास कार्यों और स्थानीय मुद्दे पर अधिकारियों संग बैठक की। इस पर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री सीएम रेखा गुप्ता पर तंज कसा है।
मीटिंग में सीएम रेखा गुप्ता के साथ पति मनीष गुप्ता
आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम रेखा गुप्ता की मीटिंग की एक फोटो शेयर की है। इसके साथ ही AAP ने एक चुटकी लेते हुए मजेदार कैप्शन लिखा है। आप ने एक्स पर सीएम रेखा गुप्ता की मीटिंग वाली फोटो के साथ कहा, 'चल रही है फुलेरा की पंचायत की सरकार! मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी एक मीटिंग करती हैं। इस मीटिंग में तमाम अधिकारी और कर्मचारी शामिल होते हैं। लेकिन CM साहिबा के बगल में कुर्सी लगाकर उनके पति मनीष गुप्ता बैठे हैं।'
सीएम ने शालीमार बाग के विकास कार्यों का लिया जायजा
दरअसल, सीएम रेखा गुप्ता ने रविवार को अपने एक्स हैंडल पर मीटिंग की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। सीएम द्वारा इन तस्वीरों में लिखा गया, 'आज मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में शालीमार बाग विधानसभा में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की है।'
बैठक में दिए गए दिशा-निर्देश
इसके साथ ही कहा गया, 'बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से क्षेत्र में जारी कार्यों की प्रगति का आकलन करें और तय समयसीमा पर विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दें। साथ ही पूर्ण एवं लंबित परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा, भूमि उपयोग से जुड़े विभागीय मुद्दों के समाधान के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।'
जलभराव की समस्या को किया जाएगा दूर
सीएम द्वारा कहा गया कि शालीमार बाग में जलभराव वाले क्षेत्रों में हार्वेस्टिंग प्वॉइंट्स स्थापित किए जाएंगे। बाजारों को पुनर्जीवित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और झुके या टेढ़े पेड़ों को हटाने की कार्यवाही शुरू होगी। जनहित के कार्यों की सतत समीक्षा और समयबद्ध पूर्णता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।