1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. रेखा गुप्ता ने सरकार बनाने का दावा किया पेश, दिल्ली के उपराज्यपाल से की मुलाकात

रेखा गुप्ता ने सरकार बनाने का दावा किया पेश, दिल्ली के उपराज्यपाल से की मुलाकात

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Feb 19, 2025 11:00 pm IST,  Updated : Feb 19, 2025 11:46 pm IST

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो चुकी है। रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गई हैं और रामलीला मैदान में 20 फरवरी को वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। इस बीच राज्यपाल से मुलाकात कर रेखा गुप्ता ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है।

Rekha Gupta staked claim to form government met Delhi Lieutenant Governor- India TV Hindi
रेखा गुप्ता ने सरकार बनाने का दावा किया पेश Image Source : LG DELHI/X

दिल्ली को अपना नया मुख्यमंत्री मिल चुका है। भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को नेता चुना गया है। रेखा गुप्ता 20 फरवरी को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। ऐसे में रेखा गुप्ता और भाजपा के अन्य नेता आज दिल्ली में उपराज्यपाल से मिले। एलजी से मिलकर रेखा गुप्ता ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है। दिल्ली एलजी ने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली विधानसभा में भाजपा विधायक दल की नेता रेखा गुप्ता ने राज निवास में माननीय उपराज्यपाल श्री वी.के. सक्सेना से मुलाकात की और दिल्ली की नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। उपराज्यपाल ने दावा स्वीकार कर लिया और उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।'

अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई

बता दें कि रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुने जाने पर भाजपा ने एक्स हैंडल पर जीत की बधाई दी है। भाजपा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं अशेष शुभकामनाएं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में प्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति करेगा।' वहीं अरविंद केजरीवाल ने बधाई देते हुए लिखा, 'दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बहुत बहुत बधाई। मैं उम्मीद करता हूँ कि दिल्ली की जनता को किए गए सारे वादे वे पूरे करेंगी। दिल्ली की जनता के विकास और भले के हर कार्य में हम उन्हें सहयोग करेंगे।'

कौन हैं रेखा गुप्ता?

रेखा गुप्ता 50 साल की हैं और मूल रूप से हरियाणा के जींद जिले की हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, रेखा गुप्ता का परिवार साल 1976 में दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। उनके पति का नाम मनीष गुप्ता है। रेखा गुप्ता ने LLB किया है और वह पेशे से वकील भी हैं। रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29595 वोटों से चुनाव हराया था। बता दें कि रेखा गुप्ता के अलावा प्रवेश वर्मा का नाम भी सीएम पद की रेस में था लेकिन बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता का नाम फाइनल कर दिया गया। गौरतलब है कि प्रवेश वर्मा नई दिल्ली सीट से विधायक हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराया है। प्रवेश वर्मा ने तीन हजार से अधिक अंतर से चुनाव जीता है। प्रवेश वर्मा पूर्व मुख्यमंत्री साहेब सिंह वर्मा के बेटे हैं और सांसद भी रह चुके हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।