1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दफ्तर में 'गलत तरीके से फंसाए' जाने से परेशान था संविदा कर्मचारी, ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

दफ्तर में 'गलत तरीके से फंसाए' जाने से परेशान था संविदा कर्मचारी, ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 05, 2025 04:11 pm IST,  Updated : Apr 05, 2025 04:11 pm IST

इनकम टैक्स के दफ्तर में काम करने वाले एक संविदा कर्मचारी ने आज आत्महत्या कर दी। दरअसल उसने एक ऑडियो मैसेज में बताया है कि वह अपने दफ्तर में एक मामले में 'गलत तरीके से फंसाए' जाने से परेशान था।

Samvida employee was upset at being wrongly implicated in the office committed suicide by jumping in- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

झंडेवालान स्थित आयकर कार्यालय में कार्यरत 23 वर्षीय संविदा कर्मचारी ने एक मामले में कथित रूप से ‘‘गलत तरीके से फंसाए जाने के बाद’’ नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विजय वर्मा ने आत्महत्या करने से पहले एक अप्रैल को अपने परिवार को ऑडियो संदेश भेजे थे जिसमें उसने कहा था कि वह अपने कार्यस्थल पर एक मामले में ‘‘गलत तरीके से फंसाए जाने’’ से परेशान है। सूत्र ने कहा, ‘‘विजय ने ऑडियो क्लिप में कहा कि उसने कोई गलती नहीं की है और उसने सवाल किया कि उसे सजा क्यों दी जा रही है।’’ 

ट्रेन के आगे कूदकर संविदा कर्मचारी ने की आत्महत्या

पुलिस उपायुक्त (रेलवे) के.पी.एस. मल्होत्रा ​​ने बताया कि मध्य प्रदेश के भिंड का मूल निवासी विजय अपने परिवार के साथ मिंटो रोड स्थित ‘सीजीआरसी कॉम्प्लेक्स स्टाफ क्वार्टर’ रहता था। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस को एक रेलवे ज्ञापन मिला, जिसमें बताया गया कि सिग्नल संख्या 144 के पास एक व्यक्ति ट्रेन के नीचे आ गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन की मदद से मृतक की पहचान की। मल्होत्रा ​​ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रेन चालक ने बताया कि पटरी के पास बैठा युवक सामने से आ रही ट्रेन की ओर भागा। उन्होंने बताया कि शव को एलएचएमसी (लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज) शवगृह में रखा गया है और दंड प्रक्रिया संहिता की प्रासंगिक धारा के तहत जांच की जा रही है। 

दिल्ली में महिला ने की आत्महत्या

वहीं एक दूसरे मामले में दिल्ली के द्वारका इलाके में 20 वर्षीय एक महिला ने अपने माता-पिता के बीच कलह से परेशान होकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, युवती 23 मार्च को महावीर एन्क्लेव स्थित अपने घर में फंदे से लटकी मिली थी। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि युवती के माता-पिता अलग-अलग रह रहे थे और उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे, जिसका उसकी मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ा। युवती के एक व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध भी थे, लेकिन हाल ही में उसका रिश्ता टूट गया था।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।