1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा जितेंद्र गोगी गैंग का शार्प शूटर, पिस्टल और कारतूस बरामद

दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा जितेंद्र गोगी गैंग का शार्प शूटर, पिस्टल और कारतूस बरामद

 Published : May 17, 2026 06:16 pm IST,  Updated : May 17, 2026 06:16 pm IST

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने कुख्यात जितेंद्र गोगी गैंग से जुड़े शार्प शूटर सचिन चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक सेमी औटोमैटिक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी दिल्ली के करावल नगर इलाके में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था।

sharp shooter arrest- India TV Hindi
गोगी गैंग का शार्प शूटर गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। स्पेशल सेल की टीम ने कुख्यात जितेंद्र गोगी के एक शार्प शूटर सचिन चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। 

हत्या के मामले में पुलिस कर रही थी तलाश

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश सचिन चौधरी दिल्ली के करावल नगर थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में घोषित अपराधी था। इसके अलावा हरियाणा के पानीपत जिले के इसराना थाने में दर्ज दंगा, गैरकानून जमावड़ा और हमला करने के मामले में भी उसे घोषित भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था। 

लंबे अर्से से फरार था सचिन चौधरी

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पानीपत में हुई एक डकैती के मामले में भी वांटेड चल रहा था। लंबे समय से फरार चल रहे सचिन चौधरी की तलाश कई एजेंसियां कर रही थीं।

पुलिस कर रही है गहन पूछताछ

दिल्ली पुलिस अब आरोपी से गोगी गैंग के नेटवर्क, उसके सहयोगियों और हालिया आपराधिक गतिविधियों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ में गोगी गैंग के नेटवर्क को लेकर अहम खुलासे हो सकते हैं।

क्या है गोगी गैंग?

बता दें कि जितेंद्र गोगी दिल्ली-एनसीआर हरियाणा के इलाके का बड़ा गैंगस्टर था। उसी के नाम पर उसके आपराधिक गिरोह का नाम गोगी गैंग पड़ा। यह गैंग रंगादारी, हत्या, जमीन कब्जा, अवैध वसूली की गतिविधियों में लिप्त रहा। गोगी गैंग की अदावत टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से थी। दोनों के बीच कई वर्षों तक गैंगवार चला जिसमें कई अपराधी मारे गए। सितंबर 2021 में रोहिणी कोर्ट में पेशी के दौरान हमलावरों ने जितेंद्र गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमलावर वकील के वेश में कोर्ट परिसर में पहुंचे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।