1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. LIVE: दिल्ली के सत्य निकेतन में जो बिल्डिंग गिरी उसका मालिक फरार, पुलिस ने गुरुग्राम समेत कई जगहों पर मारी रेड
  Live Now

LIVE: दिल्ली के सत्य निकेतन में जो बिल्डिंग गिरी उसका मालिक फरार, पुलिस ने गुरुग्राम समेत कई जगहों पर मारी रेड

 Reported By: Sanjay Sah,  Anamika Gaur,  Kumar Sonu Written By: Rituraj Tripathi
 Updated : Sep 07, 2026 10:58 am IST

दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को 5 मंजिला इमारत के ढहने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन अभी तक चलाया जा रहा है। सीएम रेखा गुप्ता ने साफ कहा है कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले किसी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।

Delhi- India TV Hindi
सीएम रेखा गुप्ता ने हालात का जायजा लिया Image Source : ANI

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार (6 सितंबर) को एक 5 मंजिला इमारत गिरने से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मलबे में खोज अभियान के दौरान NDRF के डॉग्स की मदद ली जा रही है। मलबे को भी धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। गौरतलब है कि रविवार को दिल्ली के सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई थी। अचानक घटी इस घटना से इमारत के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला और वह मलबे के नीचे दब गए। 

Live updates :South Delhi Satya Niketan building collapse Live

Auto Refresh
Refresh
  • 10:58 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    आरोपी मकान मालिक के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी

    दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक हरिराम के खिलाफ LOC (लुक आउट सर्कुलर) जारी किया है। बता दें कि घटना के बाद से आरोपी मकान मालिक की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार जगह-जगह तलाशी अभियान चला रही है।

  • 10:50 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी: ओमप्रकाश राजभर

    उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने हादसे को लेकर कहा, "दोषियों के खिलाफ निश्चित रूप से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिल्डिंग बहुत पुरानी थी, इसलिए मालिक को इसे गिराने का आदेश भी लेना चाहिए था।"

  • 10:06 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    लगभग 80% मलबा हटा दिया गया है; बस बेसमेंट का मलबा बचा है: सीएम रेखा

    सीएम रेखा ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया, "लगभग 80% मलबा हटा दिया गया है; बस बेसमेंट का मलबा बचा है। यह पक्का है कि बेसमेंट में पानी भरा हुआ था, और पानी जमा होने के साथ-साथ पुरानी इमारत में चल रहे मरम्मत के काम की वजह से इमारत गिर गई। अब तक 12 लोगों को निकाला जा चुका है; छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि बाकी छह की हालत स्थिर है। यह मामला हमारे स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की सीधी निगरानी में भी है। केंद्रीय गृह मंत्री हालात पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं, और हमें प्रधानमंत्री से भी मार्गदर्शन मिल रहा है। किसी भी खतरनाक इमारत को बख्शा नहीं जाएगा; ऐसी सभी इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।"

  • 9:41 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    इमारत के मालिक की लापरवाही की वजह से घटना हुई: सीएम रेखा

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "यह वाकई एक दुखद घटना है जो इमारत के मालिक की लापरवाही की वजह से हुई। यह बहुत पुरानी इमारत थी और बेसमेंट में पानी भरने की वजह से इसके पिलर गिर गए; पूरी इमारत ढह गई। इस इमारत के मामले में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है और मालिक के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा, आस-पास की दूसरी खतरनाक इमारतों की पहचान करके उन्हें गिराया जाएगा। खास तौर पर, हमने ठीक इसके पीछे वाली इमारत को खाली करवा लिया है और उसे तुरंत गिरा दिया जाएगा।"

  • 9:40 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    CM ने कहा- समय-समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट और सेफ्टी सर्टिफिकेशन होना जरूरी किया जाएगा

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "सरकार, म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर एक ऐसी पॉलिसी बना रही है जिसके तहत पब्लिक इस्तेमाल वाली किसी भी इमारत—चाहे वह PG हो, नर्सिंग होम हो, स्कूल हो या कोई और सुविधा—का समय-समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट और सेफ्टी सर्टिफिकेशन होना ज़रूरी होगा; वरना, वहां कोई भी पब्लिक गतिविधि करने की इजाजत नहीं होगी। हम किसी को भी असुरक्षित PG में रहने नहीं देंगे। इमारत से निकाले गए लोगों के लिए कॉलेज हॉस्टल में रहने का इंतजाम किया गया है और सरकार उनकी जरूरतों का ध्यान रख रही है। हम इस घटना से प्रभावित छात्रों के माता-पिता के संपर्क में हैं और उनकी परेशानी कम करने के लिए उन्हें पूरी मदद दे रहे हैं। जिन सरकारी अधिकारियों की देखरेख में कमी, लापरवाही या दूसरी गलतियों की वजह से यह स्थिति बनी, उनके खिलाफ़ आज ही सख़्त कार्रवाई की जाएगी; किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।"

  • 9:38 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पड़ोस वाली बिल्डिंग को भी गिराया जाएगा: रेखा गुप्ता

    सीएम रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद कहा कि जो बिल्डिंग गिरी है, उसके पड़ोस वाली बिल्डिंग को भी गिराया जाएगा। अवैध इमारतों को ध्वस्त किया जाएगा। 

  • 9:35 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    घटनास्थल का जायजा लेने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा?

    घटनास्थल पर पहुंचने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने हालात का जायजा लिया और कहा, "बेसमेंट में पानी भरने से हादसा हुआ। सरकार की पूरे मामले पर नजर है। दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। पुरानी इमारतों के ऑडिट के बाद एक्शन लिया जाएगा।"

  • 9:26 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    बिल्डिंग मालिक हरिराम अभी तक फरार, दिल्ली पुलिस ने कई जगहों पर मारी रेड

    बिल्डिंग मालिक हरिराम की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम समेत कई जगहों पर रेड मारी है लेकिन हरिराम घर पर नहीं मिला। वह घर से फरार है। पुलिस को शक है कि सत्य निकेतन की बिल्डिंग का मालिक दिल्ली NCR में ही कहीं छुपा हुआ है। हरिराम को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने उसके करीबियों और रिश्तेदारों के यहां भी रेड की है लेकिन बिल्डिंग मालिक अभी तक फरार है।

  • 9:19 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा- "अंदर कोई और फंसा है या नहीं, ये अभी पक्के तौर पर नहीं कह सकते"

    दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "अभी पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता कि अंदर कोई और फंसा है या नहीं, क्योंकि हमने सभी छात्रों का पता लगा लिया है। आपको पता है कि यहां से 12 लोगों को बचाया गया और 6 लोगों की मौत हुई है। शक है कि मलबे के अंदर कोई अनजान मजदूर हो सकता है, लेकिन जब तक स्थिति साफ नहीं हो जाती, कुछ भी पक्का नहीं कहा जा सकता। सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी; मामले भी दर्ज किए जाएंगे। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।"

  • 9:02 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    सीएम रेखा गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचीं

    दिल्ली बिल्डिंग हादसे में खोज और बचाव अभियान अभी तक जारी है। ताजा खबर ये है कि दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता घटनास्थल पर हालात का जायजा लेने के लिए पहुंची हैं। 

  • 8:58 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    सत्य निकेतन इलाके में पीजी ऑनर्स ने दिखाई चालाकी

    सत्य निकेतन इलाके में हादसे के बाद कई PG ऑनर्स ने बिल्डिंग के आगे से PG का बोर्ड हटा दिया है और अंदर से ताला लगा दिया है। ऐसा इसलिए किया गया है जिससे यह पता ना चल सके कि यहां PG चल रहा है।

  • 8:57 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    सीएम रेखा गुप्ता ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए

    इस घटना को लेकर ये जानकारी भी सामने आ चुकी है कि सीएम रेखा गुप्ता इस मामले को लेकर गंभीर हैं और उन्होंने इस घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, भवन मालिक के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस गंभीर घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसकी पूरी जवाबदेही तय की जाएगी और उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  • 8:56 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    दिल्ली के मेयर का बड़ा बयान, कहा- सील किए जाएंगे चार मंजिल से अधिक वाले सभी अवैध निर्माण

    घटना को लेकर रविवार शाम ही दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा था, "सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चार मंजिल से अधिक वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील किया जाएगा और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाएगा। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे।"

  • 8:54 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    गिरी हुई बिल्डिंग के बारे में एमसीडी ने दी जानकारी

    दिल्ली नगर निगम (MCD) के अनुसार, गिरी हुई इमारत की पहचान P-14, सत्य निकेतन के तौर पर की गई है। यह एक पुनर्वास कॉलोनी का हिस्सा है और इसका क्षेत्रफल लगभग 55 वर्ग गज है। इस प्रॉपर्टी में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चौथी मंज़िल तक के फ्लोर हैं। बताया जाता है कि यह इमारत 1990 के दशक में बनी थी। MCD का कहना है कि इस प्रॉपर्टी की बुकिंग या सीलिंग का कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। साथ ही, यह भी बताया गया है कि प्रॉपर्टी पर किए गए किसी भी काम के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली थी।

  • 8:53 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    MCD ने लिया सख्त एक्शन, हादसे वाली गली में जर्जर इमारतों को नोटिस जारी किया

    दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत के गिरने के बाद MCD अलर्ट मोड में है और उसने सख्त एक्शन लिया है। एमसीडी ने हादसे वाली गली में जर्जर इमारतों को नोटिस जारी किया है।

  • 8:52 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया

    दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए इस हादसे का सीसीटीवी भी आज सामने आया है। सीसीटीवी में बिल्डिंग गिरने के बाद का धूल का गुबार उठता दिख रहा है। बिल्डिंग के सामने शिव मंदिर पर लगे कमरे में बिल्डिंग गिरने की फुटेज कैद हुई है।

     

  • 8:49 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के मामले में मृतकों की संख्या बढ़ी

    दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। अब तक 11 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है और मौके पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन आज भी जारी है। गौरतलब है कि ये हादसा रविवार को हुआ था। 5 मंजिल इमारत के गिरने की वजह से कई लोग मलबे के नीचे दब गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।