1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में AAP को बड़ा झटका! स्पीकर राम निवास गोयल ने चुनावी राजनीति से लिया संन्यास, बताई ये वजह

दिल्ली में AAP को बड़ा झटका! स्पीकर राम निवास गोयल ने चुनावी राजनीति से लिया संन्यास, बताई ये वजह

 Published : Dec 05, 2024 11:08 am IST,  Updated : Dec 05, 2024 11:40 am IST

दिल्ली में चुनाव से पहले स्पीकर राम निवास गोयल ने चुनाव राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने केजरीवाल को भी पत्र लिखा है।

स्पीकर राम निवास गोयल- India TV Hindi
स्पीकर राम निवास गोयल Image Source : FILE-PTI

नई दिल्लीः दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी के सीनियर विधायक राम निवास गोयल ने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है। राम निवास गोयल ने इस संबंध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर कहा कि वह अब अपनी उम्र के कारण चुनावी राजनीति से दूर रहना चाहेंगे लेकिन पार्टी की सेवा करना जारी रखेंगे।

केजरीवाल को लिखे पत्र में कही ये बातें

पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में राम निवास गोयल ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से शहादरा विधान सभा के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष के रूप में मैंने कुशलतापूर्वक अपना दायित्व निभाया है। आपने मुझे हमेशा बहुत सम्मान दिया है जिसके लिए सदा आपका आभारी रहूंगा। पार्टी और सभी विधायकों ने भी मुझे बहुत सम्मान दिया है, इसके लिए मैं सबका आभार प्रकट करता हूं। अपनी आयु के कारणों से स्वयं को चुनावी राजनीति से अलग करना चाहता हूं। मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि मैं आम आदमी पार्टी में रहकर तन-मन-धन से सेवा करता रहूंगा। आपके द्वारा जो भी दायित्व मुझे सौंपा जाएगा उसको निभाने की कोशिश करुंगा। 

फरवरी 2015 से स्पीकर हैं गोयल

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में 76 वर्षीय गोयल ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपनी अगली जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं। बता दें कि राम निवास गोयल शाहदरा से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। वह फरवरी 2015 से लगातार दिल्ली के स्पीकर हैं। 

केजरीवाल ने की स्पीकर की तारीफ

स्पीकर के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रामनिवास गोयल जी का चुनावी राजनीति से अलग होने का निर्णय हम सभी के लिए एक भावुक क्षण है। उनके मार्गदर्शन ने वर्षों तक हमें सदन के अंदर और बाहर सही दिशा दिखाई है। अपनी बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य के चलते उन्होंने हाल ही में अभी कुछ दिन पहले ही चुनावी राजनीति से अलग होने की अपनी इच्छा ज़ाहिर की थी। उनके निर्णय का हम सम्मान करते हैं। गोयल साहब हमारे परिवार के अभिभावक थे, हैं और हमेशा रहेंगे। पार्टी को उनके अनुभव और सेवाओं की भविष्य में भी हमेशा ज़रूरत रहेगी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।