1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. एम्स मेट्रो स्टेशन के पास 49 साल के रेहड़ी विक्रेता की हत्या, नशे में धुत आरोपी ने बेल्ट से घोंटा गला

एम्स मेट्रो स्टेशन के पास 49 साल के रेहड़ी विक्रेता की हत्या, नशे में धुत आरोपी ने बेल्ट से घोंटा गला

 Published : Jul 27, 2026 10:35 am IST,  Updated : Jul 27, 2026 10:38 am IST

दिल्ली से बेहद दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां के एम्स मेट्रो स्टेशन के पास मामूली कहासुनी में रेहड़ी पटरी विक्रेता की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

aims- India TV Hindi
एम्स मेट्रो स्टेशन के पास 49 साल के रेहड़ी विक्रेता की हत्या (सांकेतिक फोटो) Image Source : MAGNIFIC

दक्षिणी दिल्ली में एम्स मेट्रो स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां मामूली कहासुनी के बाद एक 49 वर्षीय रेहड़ी-पटरी विक्रेता की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। जानकारी अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मनोज सिंह के तौर पर हुई है जो बिहार के नवादा जिले के माई गांव का रहने वाला था। मृतक पिछले दो दशक से सफदरजंग अस्पताल के गेट संख्या-3 के बाहर फुटपाथ पर कपड़े बेचने का काम कर रहा था। 

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान तैमूर नगर निवासी लोकेश के रूप में हुई है और इसकी उम्र करीब 40 साल है। यह घटना 23 जुलाई की रात को अरविंद मार्ग स्थित एम्स मेट्रो स्टेशन के गेट संख्या-3 के पास हुई। पुलिस के अनुसार, हौजखास थाने में इस वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तुरंत सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और अब आगे की जांच जारी है। 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह घटना किसी मामूली कहासुनी से शुरू हुई, जिसने बाद में मारपीट का रूप ले लिया। मृतक मनोज सिंह के बेटे बिट्टू कुमार ने बताया कि "रात करीब 10 बजे मेरे पिता काम खत्म करके घर लौट रहे थे कि तभी एम्स मेट्रो स्टेशन के पास नशे में धुत एक व्यक्ति उनसे जानबूझकर टकरा गया, जिसके बाद उसने झगड़ा शुरू कर दिया। मेरे पिता ने विवाद से बचने की कोशिश की और वो वहां से चले गए। लेकिन वह व्यक्ति अचानक से पीछे से आया और उसने बेल्ट से मेरे पिता का गला घोंट दिया।" बिट्टू ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को तुरंत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और उनके पिता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा, 'हमें रात करीब 11 बजे इस घटना की जानकारी मिली।' उन्होंने आगे बताया कि उनके पिता करीब पिछले 20 वर्षों से सड़क किनारे कपड़े बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। 

(इनपुट - भाषा)

यह भी पढ़ें:

मंगोलपुरी में फिर चला चाकू, DJ के पैसों के विवाद में दो युवकों पर जानलेवा हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।