नई दिल्लीः तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके की एक इमारत में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि लोगों की दम घुटने से मौत हुई है। आग केवल ग्राउंड फ्लोर तक ही थी मगर आग का धुंआ ऊपर के फ्लैट्स में गया। कुछ लोग सेकंड फ्लोर से साड़ी की मदद से नीचे कूदे हैं।
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के कर्मचारियों ने अब तक आठ लोगों को बचाया है। दमकल विभाग के मुताबिक रात करीब 2:25 बजे आग लगने की सूचना मिला। दमकल की गाड़ियों को तुरंत तुगलकाबाद की गली नंबर-1, नया तारा अपार्टमेंट के पास भेजा गया।
आठ लोगों का रेस्क्यू, अस्पताल में भर्ती
ये आग एक मकान के अंदर खड़े वाहनों में लगी थी। इसकी वजह से पूरी बिल्डिंग में धुआं फैल गया और कई लोग अंदर फंस गए। दमकल कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सुबह तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया। ये बिल्डिंग ग्राउंड प्लस पांच मंजिला है और संकरी गली में होने के कारण राहत और बचाव कार्य में परेशानी भी आई। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सुबह 3:45 बजे आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इसके बाद भी तलाशी और बचाव अभियान जारी रखा गया। सुबह 4 बजे आग बुझा ली गई।
तीन लोगों की मौत, आठ झुलसे
दिल्ली दमकल विभाग के मुताबिक अग्निकांड में अभी तक तीन लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। मृतकों में दो महिलाएं हैं, जबकि एक पुरुष है। अस्पताल में भर्ती आठ लोगों में पांच महिलाएं शामिल हैं।

मालवीय नगर में भी लगी थी आग
इससे पहले अभी हाल में मालवीय नगर के एक होटल में भीषण आग लग गई थी। इसमें 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने होटल के मालिक को गिरफ़्तार कर लिया है। मालवीय नगर में आग लगने की घटना की जांच अभी भी चल रही है।
आग की घटनाएं रोकने के लिए इस प्लान पर विचार कर रही सरकार
बता दें कि दिल्ली सरकार अब कम ऊंचाई वाली रिहायशी इमारतों, खासकर 15 मीटर से कम ऊंची इमारतों में आग से सुरक्षा के उपाय अनिवार्य करने पर विचार कर रही है। अभी, हाइड्रेंट, अग्निशमन यंत्र (extinguishers) और स्मोक डिटेक्टर जैसे आग से सुरक्षा के उपकरण सिर्फ़ ऊंची इमारतों और ऐसी संरचनाओं में लगाना ज़रूरी है जिनके लिए 'फ़ायर नो ऑब्जेक्शन सर्टिफ़िकेट' (NOC) की ज़रूरत होती है। इसके अलावा, दिल्ली फ़ायर सर्विस ने सभी घरों में स्मोक डिटेक्टर और अग्निशमन यंत्र लगाना अनिवार्य करने की भी सिफ़ारिश की है और मौजूदा इमारतों में आग से सुरक्षा के बुनियादी उपकरण लगाने के लिए एक चरणबद्ध योजना का सुझाव दिया है।
ये भी पढ़ेंः दिल्ली के सीलमपुर में पत्नी के सिर पर हथौड़ा मारकर ले ली जान, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार