1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. केजरीवाल के 'वेट लॉस' पर 'वार'! तिहाड़ जेल ने कहा- जितना था उतना ही है वजन, आतिशी ने अब कही ये बात

केजरीवाल के 'वेट लॉस' पर 'वार'! तिहाड़ जेल ने कहा- जितना था उतना ही है वजन, आतिशी ने अब कही ये बात

 Reported By: Abhay Parashar,  Bhaskar Mishra Written By: Mangal Yadav
 Published : Apr 03, 2024 02:10 pm IST,  Updated : Apr 03, 2024 02:35 pm IST

सीएम अरविंद केजरीवाल के सेहत को लेकर आम आदमी पार्टी के दावे पर तिहाड़ जेल प्रशासन का आधिकारिक बयान सामने आया है। जेल के अनुसार, केजरीवाल पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

सीएम अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
सीएम अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सेहत को लेकर तिहाड़ जेल प्रशासन ने आधिकारिक बयान जारी किया है। तिहाड़ जेल के अनुसार, एक अप्रैल जिस दिन अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल पहुंचे उन्हें दो डॉक्टर्स ने एग्जामिन किया और मेडिकल में सब नार्मल आया। जेल में आने से लेकर अभी तक उनका वजन 65 किलोग्राम बना हुआ है। कोर्ट के आदेश पर घर का बना खाना अरविंद केजरीवाल को दिया जा रहा है। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। अरविंद केजरीवाल मेडिकल के सारे पैरामीटर्स नार्मल है।

तिहाड़ जेल के बयान पर आप ने दी ये प्रतिक्रिया

तिहाड़ जेल के आधिकारिक बयान के बाद आप नेता और मंत्री आतिशी ने कहा कि ईडी ने सीएम केजरीवाल को जिस दिन कस्टडी में लिया था। उस दिन मुख्यमंत्री का वजन 69.5 किलो था। आज सीएम केजरीवाल का वजन 65 किलो है। यानी 12 दिन में अरविंद केजरीवाल का वजन 4.5 किलो कम हुआ। 

आतिशी का दावा तेजी से गिर रहा केजरीवाल का वजन

इससे पहले आतिशी ने दावा किया कि 21 मार्च को गिरफ्तार किए जाने के बाद से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का वजन तेजी से घट रहा है। आतिशी ने साथ ही बीजेपी पर केजरीवाल को जेल में रखकर उनके स्वास्थ्य को खतरे में डालने का आरोप लगाया। आतिशी ने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री की सेहत के संबंध में कानूनी मदद लेगी।

बीजेपी को माफ नहीं करेगी जनताः आप

आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अरविंद केजरीवाल को शुगर है। सेहत से जुड़ी समस्याओं के बावजूद वह 24 घंटे देश की सेवा में लगे हैं। गिरफ्तारी के बाद से केजरीवाल का वजन 4.5 किलोग्राम कम हुआ है। यह चिंताजनक है। भाजपा उन्हें जेल में डालकर उसकी सेहत से खिलवाड़ कर रही है। आतिशी ने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल को कुछ हो गया तो न केवल पूरा देश बल्कि भगवान भी ‘उन्हें’ माफ नहीं करेंगे। 

15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं केजरीवाल

वहीं, तिहाड़ जेल प्रशासन ने केजरीवाल की सेहत के संबंध में आतिशी के दावों को खारिज किया है। केजरीवाल 15 अप्रैल तक तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। तिहाड़ जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि केजरीवाल की हालत सामान्य है। केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया है। उन्हें 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।