1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली की सीमाएं सील होने के कारण अफरा-तफरी, ट्रैफिक जाम के हालात बने

दिल्ली की सीमाएं सील होने के कारण अफरा-तफरी, ट्रैफिक जाम के हालात बने

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 02, 2020 06:34 pm IST,  Updated : Jun 02, 2020 06:34 pm IST

कोरोना वायरस प्रकोप की रोकथाम के मद्देनजर दिल्ली की सीमाएं सील होने के कारण मंगलवार को अपने काम पर जाने वाले सैकडों लोग और इलाज कराने के लिए जाने वाले लोग भारी संख्या में सीमाओं पर घंटों फंसे रहे।

दिल्ली की सीमाएं सील होने के कारण अफरा-तफरी, ट्रैफिक जाम के हालात बने- India TV Hindi
दिल्ली की सीमाएं सील होने के कारण अफरा-तफरी, ट्रैफिक जाम के हालात बने Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: कोरोना वायरस प्रकोप की रोकथाम के मद्देनजर दिल्ली की सीमाएं सील होने के कारण मंगलवार को अपने काम पर जाने वाले सैकडों लोग और इलाज कराने के लिए जाने वाले लोग भारी संख्या में सीमाओं पर घंटों फंसे रहे। ऐसे में दिल्ली से सटी सीमाओं पर भारी जाम लगने के कारण वैध ई-पास वाले वाहन भी फसंने को मजबूर हो गए, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

दिल्ली से सटी हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई लोग पुलिस से दिल्ली में प्रवेश नहीं करने के कारणों को लेकर सवाल करते देखे गए। पुलिस ने कहा कि वह केवल दिल्ली के निवासियों और सरकार द्वारा वैध पहचान पत्र धारकों को ही दिल्ली में प्रवेश की इजाजत दे सकते हैं। अधिकतर लोगों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि दिल्ली सरकार ने सोमवार को ही मंगलवार से दिल्ली की सीमाएं सील करने का आदेश दिया था।

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से भारी संख्या में लोग काम करने आते हैं और इसी तरह दिल्ली से भी भारी संख्या में लोग इन शहरों में काम करने जाते हैं। दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों ने आरोप लगाया कि वैध कारण होने के बावजूद उन्हें दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर श्रेष्ठ आर्य नाम के एक शख्स ने कहा कि उन्हें अपने पिता की सर्जरी के लिए गुरुग्राम के अस्पताल जाना था लेकिन पुलिस ने उन्हें दिल्ली के अस्पताल में जाने को कहा। उन्होंने सवाल किया कि जब उनके पिता का इलाज गुरुग्राम के डॉक्टर कर रहे हैं तो वह उन्हें दिल्ली के डॉक्टरों को कैसे दिखा सकते हैं?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।