1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में वर्तमान मेयर कौन है? यहां जानिए उनकी पूरी प्रोफाइल, पहले अमेरिका में करते थे व्यापार

दिल्ली में वर्तमान मेयर कौन है? यहां जानिए उनकी पूरी प्रोफाइल, पहले अमेरिका में करते थे व्यापार

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Nov 30, 2025 09:32 am IST,  Updated : Nov 30, 2025 09:32 am IST

दिल्ली नगर निगम की 12 सीटों पर आज उपचुनाव चल रहा है। इस बीच हम आपको बता रहे हैं कि दिल्ली में वर्तमान मेयर कौन हैं। वर्तमान मेयर की सीट पर भी बीजेपी का ही कब्जा है।

Raja Iqbal Singh- India TV Hindi
इकबाल सिंह Image Source : ANI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम की 12 सीटों पर आज उपचुनाव हो रहा है और इसके लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। इस चुनाव में आप और भाजपा सहित तमाम दलों ने पूरी ताकत झोंकी है। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे। इस बीच हम आपको बताने जा रहे हैं कि दिल्ली में वर्तमान में मेयर कौन है।

अकाली दल से बीजेपी में आए

बीजेपी के पार्षद राजा इकबाल सिंह वर्तमान में दिल्ली के मेयर हैं। उन्होंने अप्रैल 2025 में हुए मेयर के चुनाव में कांग्रेस के मनदीप को हराया था। राजा इकबाल सिंह को 133 वोट मिले थे, वहीं मनदीप को केवल 8 वोट ही मिल पाए थे। इस बार के मेयर चुनाव में AAP ने कोई कैंडिडेट नहीं उतारा था। 

राजा इकबाल सिंह का परिवार अकाली दल से जुड़ा रहा है लेकिन उन्होंने खुद के लिए बीजेपी में संभावनाएं तलाशीं और बीजेपी से मेयर भी बने। राजा इकबाल सिंह के ससुर जीटीबी नगर से पार्षद रहे हैं और उनके साले अकाली दल से जुड़े रहे हैं। 

अमेरिका में करते थे व्यापार

इकबाल सिंह के बारे में कहा जाता है कि वह कम बात करना पसंद करते हैं लेकिन मौका आने पर विरोधियों को चित करने का हुनर उन्हें आता है। राजा इकबाल सिंह के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, वह पहले अमेरिका में व्यापार करते थे। लेकिन साल 2017 में वह दिल्ली में निगम चुनाव लड़े और उन्हें 2017 और 2022 दोनों में जीत हासिल हुई। 

राजा इकबाल सिंह सिख परिवार से आते हैं और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से पढ़ाई की है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से एलएलबी (कानून) की पढ़ाई भी की है।

कहा जाता है कि बीजेपी ने इकबाल सिंह को मेयर इसलिए बनाया क्योंकि ऐसा करके बीजेपी, सिख वोट बैंक को साधना चाहती थी। इकबाल सिंह पहले अकाली दल की पृष्ठभूमि से थे लेकिन जब उन्होंने बीजेपी का दामन थामा तो इसका सिख समुदाय से जुड़े लोगों पर भी असर हुआ। 

इकबाल सिंह की छवि साफ है इसलिए बीजेपी ने उन पर दांव खेला और वो जीतकर मेयर बन गए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।