1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका

 Published : Jul 05, 2025 11:48 pm IST,  Updated : Jul 05, 2025 11:58 pm IST

दिल्ली में बारिश से पहले ही यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। शनिवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE-PTI

नई दिल्लीः पहाड़ी राज्यों में हो रही भारी बारिश का असर दिल्ली में भी दिखने लगा है। पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण यमुना का जलस्तर जलस्तर बढ़ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी के ओल्ड दिल्ली ब्रिज पर शनिवार शाम 5 बजे यमुना का जलस्तर 203.3 मीटर तक पहुंच गया, जोकि चेतावनी के निशान 204.5 मीटर से थोड़ा कम है। दिल्ली में यमुना का जलस्तर 205.33 मीटर पर पहुंचते ही डैंजर लेवल का अलर्ट जारी किया जाता है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों विशेषकर नदी से सटे इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। 

यमुना नदी में इसलिए बढ़ रहा जलस्तर

 

जानकारी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। जलस्तर चेतावनी के स्तर से 1.3 मीटर नीचे और खतरे के स्तर 205.3 मीटर से 2 मीटर से ज़्यादा नीचे है। 2023 में राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ देखने को मिली थी, जब यमुना का जलस्तर 208.6 मीटर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

दिल्ली में रविवार को बारिश की संभावना

दिल्ली में पिछले कुछ समय से भारी बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग ने रविवार को सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान जताया है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 

पहाड़ों पर भारी बारिश का असर दिल्ली में

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश से नदी और नालों में जलस्तर बढ़ गया है। इसकी वजह से दिल्ली में यमुना का स्तर बढ़ रहा है।

पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में 260 से ज़्यादा सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिनमें अकेले मंडी में 176 सड़कें अवरुद्ध हैं। पहाड़ी राज्य में पिछले दो हफ़्तों में बाढ़ के कारण 69 लोगों की मौत हो गई है और 37 अन्य लापता हैं। पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में, पूरे राज्य में 100 से ज़्यादा सड़कें बंद होने से रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्रभावित हुई है। 

इनपुट- एएनआई

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।