केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में छात्रों के लिए एक नोटिस जारी किया है। बोर्ड ने संबद्ध स्कूलों में छात्रों के लिए प्राथमिक पहचानकर्ता के रूप में APAAR आईडी को लागू करने के बारे में नोटिस जारी किया है। नोटिस सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर उपलब्ध है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे चेक कर सकते हैं।
नोटिस में लिखा है, ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और माननीय प्रधानमंत्री के ‘डिजिटल इंडिया’ के दृष्टिकोण के अनुरूप, शिक्षा मंत्रालय (एमओई) छात्रों के लिए स्वचालित स्थायी शैक्षणिक खाता पंजीकरण (एपीएएआर) आईडी प्रणाली लागू कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक छात्र के लिए एक सहज, आजीवन डिजिटल पहचान बनाना है, जिससे शैक्षणिक रिकॉर्ड प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता को बढ़ावा मिले।’
आधिकारिक सूचना के अनुसार, स्कूलों में APAAR ID कार्यान्वयन प्रक्रिया में छह चरण शामिल होंगे, जिन्हें आप नीचे पढ़ सकते हैं।
- स्टेप 1: पीटीएम आयोजित करें- स्कूलों को एपीएएआर आईडी शुरू करने के लिए पीटीएम की व्यवस्था करनी होगी, जिसमें वे अभिभावकों और छात्रों को इसके महत्व और लाभों के बारे में बताएंगे।
- स्टेप 2: सहमति फॉर्म वितरण और संग्रह- स्कूलों को अभिभावकों को भौतिक सहमति फॉर्म वितरित करने होंगे। अभिभावकों को इन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने होंगे और एपीएएआर आईडी बनाने के लिए आधार विवरण का उपयोग करने के लिए अधिकृत करना होगा।
- स्टेप 3: छात्र डेटा सत्यापन- स्कूल अधिकारी यूडीआईएसई+ पोर्टल पर छात्र के नाम, जन्म तिथि और आधार संख्या सहित विवरण की सटीकता की पुष्टि करेंगे।
- स्टेप 4: एपीएएआर आईडी जनरेशन- स्कूल यूडीआईएसई+ पोर्टल का उपयोग करके एपीएएआर आईडी जनरेट करेंगे, जिसे छात्रों के डिजिलॉकर खातों से सुरक्षित रूप से जोड़ा जाएगा। एक बार पुष्टि हो जाने पर अभिभावकों को पुष्टिकरण एसएमएस भेजा जाएगा।
- स्टेप 5: वितरण और एकीकरण- स्कूल छात्रों और अभिभावकों को APAAR आईडी प्रदान करेंगे।
- स्टेप 6: गलतियों को दूर करना - यदि कोई विसंगतियां हैं, तो स्कूल अभिभावकों को सुधार के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर भेजेंगे।
नोटिस को कैसे करें चेक
नीचे बताए गए स्टेप्स के माध्यम से नोटिस को चेक किया जा सकता है।
- सबसे पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।
- इसके बाद उम्मीदवारों को होमपेज पर संबंधित लिंक पर क्लिक करना होगा।
- इसके बाद नोटिस आपके सामने एक अलग विंडो में खुल जाएगा।
- इसके बाद आप नोटिस को चेक करें।
- आखिरी में अगर आप चाहें तो इसको डाउनलोड कर एक प्रिंटआउट ले लें।