1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. परीक्षा
  4. BPSC की एईडीओ परीक्षा रद्द, पेपर लीक नहीं कुछ और है कारण

BPSC की एईडीओ परीक्षा रद्द, पेपर लीक नहीं कुछ और है कारण

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Shakti Singh
 Published : May 01, 2026 11:00 pm IST,  Updated : May 01, 2026 11:39 pm IST

बीपीएससी ने साफ किया है कि किसी भी सेट का पेपर लीक नहीं हुआ है, लेकिन नकल के कई मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया है।

BPSC Exam Candidate- India TV Hindi
बीपीएससी परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थी Image Source : PTI

बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह फैसला परीक्षा के दौरान गड़बड़ी और कदाचार के प्रयास सामने आने के बाद लिया गया। 14 से 21 अप्रैल तक हुई एईडीओ परीक्षा के लिए 10 लाख 97 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। इसके साथ ही 23 अप्रैल 2026 को हुई सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी परीक्षा भी रद कर दी गई है। परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर ब्लूटूथ और अन्य माध्यमों से नकल की कोशिश हुई लेकिन समय रहते इन्हें पकड़ लिया गया। 

बिहार लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि जांच में प्रश्नपत्र लीक होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। न ही किसी सेट या सीरीज का प्रश्नपत्र वायरल होने की पुष्टि हुई है। परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने की कोशिश जरूर सामने आई।

क्यों रद्द हुई परीक्षा?

बीपीएससी ने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में भ्रामक खबरें फैलाई गईं। इन खबरों से परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग ने ये निर्णय लिया। बिहार लोक सेवा आयोग की तरफ से बताया गया कि सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान जिला स्तर पर जिला प्रशासन की सजगता के कारण कुछ केन्द्रों पर ब्लूटूथ इत्यादि के माध्यम से कदाचार का आयोजन/प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों/अभ्यर्थियों के विरुद्ध प्राथमिकियां, अन्य दण्डात्मक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही 32 अभ्यर्थियों को कदाचार का प्रयास/परीक्षा में गड़बड़ी करने का षड्यंत्र रचने के आरोप में आयोग की आगामी परीक्षाओं से भाग लेने से प्रतिबंधित किया गया है, लेकिन प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक होने या वायरल होने का साक्ष्य अनुसंधान के क्रम में प्राप्त नहीं हुआ है। 

किसी भी सेट का पेपर नहीं हुआ लीक

बीपीएससी ने कहा कि इस परीक्षा के किसी भी प्रश्न पत्र के सेट के किसी भी सिरीज का कोई प्रश्न-पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। दर्ज की गई प्राथमिकियां, विभिन्न समाचार पत्र/ सोशल मीडिया में प्रसारित किए जा रहे समाचार इत्यादि से उक्त परीक्षा के दौरान कुछ केन्द्रों में परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने की कोशिश की गयी है। अतः सम्यक् विचारोपरान्त मेधावी अभ्यर्थियों के व्यापक हित एवं कदाचारमुक्त तथा पारदर्शिता के साथ परीक्षाओं को आयोजित करने की आयोग की प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए दिनांक 14.04.2026 से 21.04.2026 तक विज्ञापन संख्या 87/2025 को आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी लिखित (वस्तुनिष्ठ) प्रतियोगिता परीक्षा की कुल 9 (नौ) पालियों की परीक्षा एवं विज्ञापन संख्या 108/2025 अन्तर्गत दिनांक 23.04.2026 को आयोजित सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी लिखित (वस्तुनिष्ठ) प्रतियोगिता परीक्षा को रद्द किया जाता है।

यह भी पढ़ें-

यूपी के विश्वविद्यालयों में लागू होगा AKTU मॉडल, जानें कैसे काम करता है और परीक्षा में लाएगा पारदर्शिता

मजदूर दिवस पर इन राज्यों में स्कूलों की है छुट्टी, जानें आपके राज्य में 1 मई को स्कूल खुलेंगे कि बंद रहेंगे

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Exams से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन