नई दिल्ली: NEET-UG का पेपर लीक होने के बाद देशभर में री-एग्जाम कराया जा रहा है। इसे लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने रविवार को 21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 के रि-एग्जाम के लिए एग्जाम सेंटरों की घोषणा कर दी है। एनटीए ने एक पोस्ट में बताया कि अभ्यर्थी अब NEET-UG 2026 के रि-एग्जाम के लिए अपने आवंटित एग्जाम सिटी की जानकारी देख सकते हैं। अपनी एग्जाम सिटी देखने और डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थी एनटीए की वेबसाइट https://neet.nta.nic.in पर जा सकते हैं। इसके बाद अभ्यर्थी अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड से वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं, जिसके बाद परीक्षा शहर से संबंधित जानकारी मिल जाएगी। हालांकि एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह एडमिट कार्ड नहीं है।
21 जून को होगा री-एग्जाम
एनटीए द्वारा जारी एक सार्वजनिक सूचना के अनुसार, री-एग्जाम 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक भारत के 551 शहरों और अन्य देशों के 14 शहरों में पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ एग्जाम सिटी की सूचना है, यह एडमिट कार्ड नहीं है। इसे केवल उम्मीदवारों को उनके परीक्षा केंद्र के शहर के बारे में सूचित करने के लिए जारी किया जा रहा है। एजेंसी ने कहा, "यह एडमिट कार्ड नहीं है। इसमें केवल आपका परीक्षा शहर दिखाया गया है। एडमिट कार्ड बाद में जारी किया जाएगा।" एनटीए ने कहा कि सभी छात्रों को उनकी पहली पसंद का शहर देने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
एडमिट कार्ड जल्द होगा जारी
एनटीए ने पोस्ट में उम्मीदवारों से परीक्षा और एडमिट कार्ड जारी होने से संबंधित नवीनतम घोषणाओं के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर अपडेट रहने का आग्रह किया। बता दें कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए NEET-UG परीक्षा इस साल 3 मई को आयोजित की गई थी। हालांकि बाद में पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को पूरी परीक्षा रद्द कर दी थी। घटना के बाद एनटीए ने री-एग्जाम कराने का ऐलान किया था। अब इसका री-एग्जाम 21 जून को कराया जाएगा। वहीं पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल सीबीआई के द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़ें-