1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. इस राज्य के बोर्ड एग्जाम में पेपर लीक, BOSEM ने पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई शिकायत

इस राज्य के बोर्ड एग्जाम में पेपर लीक, BOSEM ने पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई शिकायत

 Published : Feb 26, 2025 01:03 pm IST,  Updated : Feb 26, 2025 01:55 pm IST

मणिपुर में पेपर लीक की खबर को लेकर BOSEM ने पुलिस स्टेशन में शिकायत की है। बोर्ड सचिव ने कहा है कि मामले की जांच शुरू हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड एग्जाम के उचित संचालन के लिए अपने लेवल पर काम कर रहा है।

मणिपुर में पेपर लीक को लेकर BOSEM ने दर्ज कराई शिकायत (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi
मणिपुर में पेपर लीक को लेकर BOSEM ने दर्ज कराई शिकायत (प्रतीकात्मक फोटो) Image Source : FILE

बोर्ड परीक्षाओं का सीजन चल रहा है। इस बीच मणिपुर में पेपर लीक की खबर को लेकर BOSEM बोर्ड द्वारा पुलिस में शिकायत करने का मामला सामने आया है। बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन मणिपुर (BOSEM) ने मंगलवार को चल रही 10वीं की परीक्षा के सामाजिक विज्ञान के प्रश्नपत्र के लीक होने को लेकर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। BOSEM के सचिव एस. जीतलाल ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड अधिकारियों की एक बैठक हुई है और मंगलवार को हुई परीक्षा को रद्द करने के बारे में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

BOSEM के सचिव एस. जीतलाल ने कहा, "बीओएसईएम द्वारा आयोजित चल रही एचएसएलसी परीक्षा के मंगलवार को प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के संबंध में, बोर्ड परीक्षा का उचित संचालन सुनिश्चित करने के लिए अपने स्तर पर काम कर रहा है। बीओएसईएम की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के प्रयास में कुछ वर्गों ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र लीक कर दिया।"

'इससे पहले साइंस का पेपर हो गया था लीक'

घटना की निंदा करते हुए जीतलाल ने कहा, "राज्य साइबर अपराध पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। जिम्मेदार लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" इससे पहले, छात्र संगठन डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स अलायंस ऑफ मणिपुर (डीईएसएएम) ने कहा था कि सामाजिक विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र दो व्हाट्सएप ग्रुपों सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लीक हो गया था।

कब लीक हुआ पेपर?

डीईएसएएम के महासचिव नोंगथोम्बम थोइथोइबा ने कहा कि परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन इस विषय का प्रश्नपत्र सुबह 8.30 बजे के आसपास व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर किया गया। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बता दें कि कुल 37,052 छात्र एचएसएलसी परीक्षा 2025 के लिए 155 केंद्रों पर उपस्थित हो रहे हैं, जिनमें घाटी जिलों में 93 और पहाड़ी जिलों में 62 शामिल हैं। (With PTI Input)

ये भी पढ़ें- यूपी बोर्ड परीक्षा में बड़ी चूक, 12वीं के स्टूडेंट्स को थमाया गलत प्रश्नपत्र, पेपर दोबारा कराए जाने की मांग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।