1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. रिजल्ट्स
  4. Delhi University: 400 से अधिक छात्रों को ज़ीरो नंबर देकर किया फेल, लॉ स्टूडेंट्स ने किया विरोध

Delhi University: 400 से अधिक छात्रों को ज़ीरो नंबर देकर किया फेल, लॉ स्टूडेंट्स ने किया विरोध

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Oct 23, 2022 08:12 pm IST,  Updated : Oct 23, 2022 08:12 pm IST

दिल्ली यूनिवर्सिटी की लॉ फैकेल्टी में 400 से अधिक छात्रों को ज़ीरो नंबर देकर फेल कर दिया गया है। इसके खिलाफ बड़ी संख्या में छात्रों ने लॉ फैकेल्टी के बाहर अपना विरोध दर्ज किया।

Delhi University- India TV Hindi
Delhi University (File Photo) Image Source : PTI

दिल्ली यूनिवर्सिटी में इन दिनों बवाल चल रह है। वहां छात्र और यूनिवर्सिटी प्रशासन आमने-सामने है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों ने लॉ फैकेल्टी के परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी की लॉ फैकेल्टी में 400 से अधिक छात्रों को ज़ीरो नंबर देकर फेल कर दिया गया है। इसके खिलाफ बड़ी संख्या में छात्रों ने लॉ फैकेल्टी के बाहर अपना विरोध दर्ज किया। छात्रों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन के बाद लॉ फैकेल्टी ने अपनी गलती मानते हुए इसमें सुधार करने की बात कही है।

सुधार करेगा यूनिवर्सिटी

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शुक्रवार को लॉ फैकेल्टी के रिजल्ट में आई गड़बड़ी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सूचना जारी कर परिणामों की गड़बड़ी को जल्द से जल्द सुधारने की बात कही। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मुताबिक कुछ दिन पहले लॉ फैकेल्टी के विद्यार्थियों के परीक्षाओं का परिणाम आया था। इसमें बहुत सारे विद्यार्थियों के अंकपत्र में 0 अंक या अनुपस्थित दिखा कर अनुत्तीर्ण कर दिया गया था। जिसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने एक गूगल फॉर्म कर छात्रों की राय ली थी। इस गूगल फॉर्म में से लगभग 400 छात्रों ने बताया कि उनको अनुत्तीर्ण करार दिया गया है।

ABVP ने किया प्रदर्शन

इस पर संज्ञान लेते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शुक्रवार को लॉ फैकेल्टी में इस गड़बड़ी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रिजल्ट की गड़बड़ी को ठीक करने की सूचना निकाली। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तरी विभाग के विभाग संयोजक रोहित शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों जारी हुए लॉ फैकेल्टी के परिणामों में आई गड़बड़ी को लेकर आज हमने लॉ फैकेल्टी में भारी संख्या में प्रदर्शन को अंजाम दिया। इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सूचना जारी कर सभी परिणामों में तात्कालिक सुधार लाने की बात कही है।

जल्द जारी होगा सही रिजल्ट

छात्रों का कहना है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ फैकेल्टी में 400 से अधिक छात्रों को ज़ीरो नंबर देकर फेल कर दिया गया था। हालांकि, अब प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी के आश्वासन के बाद नतीजों में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि लॉ फैकेल्टी दोबारा से गणना करके सही रिजल्ट जल्द ही जारी करेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Results से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन