RRB ALP 2025 भर्ती के लिए आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवरों के लिए एक शानदार खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने सहायक लोको पायलट (एएलपी) 2025 के लिए आवेदन करने की समय सीमा बढ़ा दी है। दूसरी भाषा में कहें तो आवेदन करने की लास्ट डेट को एक्सटेंड कर दिया गया है। योग्य उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in के माध्यम से 19 मई तक आरआरबी एएलपी 2025 पंजीकरण फॉर्म भर सकते हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन शुल्क का भुगतान करने की अंतिम तिथि 21 मई है। बता दें कि इससे पहले आरआरबी एएलपी 2025 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 मई थी, और आवेदन शुल्क का भुगतान करने की अंतिम तिथि 13 मई थी।
फॉर्म में कब से कर सकेंगे करेक्शन?
संशोधन विंडो, जो उम्मीदवारों को आरआरबी एएलपी आवेदन पत्र में सुधार करने की अनुमति देती है, अब 22 मई से 31 मई तक खुली रहेगी। हालाँकि, खाता बनाते समय दर्ज किए गए विवरण और चयनित आरआरबी को बदला नहीं जा सकता है। उम्मीदवारों को बदलाव करने के लिए 250 रुपये का संशोधन शुल्क देना होगा।
बोर्ड ने आयु सीमा निर्धारित करने के लिए कट-ऑफ तिथि 1 जुलाई 2025 को बरकरार रखा है। शैक्षणिक योग्यता और अन्य प्रमाणपत्रों की वैधता के लिए महत्वपूर्ण तिथि अब 19 मई होगी, जो आवेदन ऑनलाइन जमा करने की संशोधित अंतिम तिथि है।
आरआरबी एएलपी 2025: कुल रिक्तियां
आरआरबी भर्ती अभियान का लक्ष्य सहायक लोको पायलट पद के लिए कुल 9,970 रिक्तियों को भरना है। कुल 9,970 रिक्तियों में से 4,116 रिक्तियां अनारक्षित (यूआर) श्रेणी को आवंटित की गई हैं। कुल 1,716 रिक्तियां अनुसूचित जाति (एससी) के लिए हैं, जबकि 858 अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए हैं।
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी को 2,289 पद आवंटित किए गए हैं, और 991 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, भूतपूर्व सैनिकों (एक्स-एसएम) के लिए 1,004 पद आरक्षित किए गए हैं।