1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. राजस्थान में स्कूल लेक्चरर भर्ती परीक्षा शुरू, 28 जून तक दो पालियों में होगा एग्जाम

राजस्थान में स्कूल लेक्चरर भर्ती परीक्षा शुरू, 28 जून तक दो पालियों में होगा एग्जाम

 Edited By: Akash Mishra
 Published : Jun 23, 2025 11:44 am IST,  Updated : Jun 23, 2025 11:48 am IST

राजस्थान में लेक्चरर भर्ती परीक्षा आज से झुंझुनूं जिले में शुरू हो गई है। यह भर्ती परीक्षा 28 जून तक आयोजित होगी। परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित होगी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की प्रथम श्रेणी (स्कूल व्याख्याता) भर्ती परीक्षा आज से झुंझुनूं जिले में शुरू हो गई है। यह परीक्षा 28 जून तक दो पालियों में आयोजित होगी। जिले में इसके लिए 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 61,004 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक दिन केंद्रों की संख्या और अभ्यर्थियों की उपस्थिति विषय के अनुसार भिन्न होगी। पहले दिन सुबह 10 बजे शुरू हुई पहली पाली में 40 केंद्रों पर 15,310 अभ्यर्थी और दोपहर 2:30 बजे शुरू होने वाली दूसरी पाली में 11 केंद्रों पर 4,994 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

मौसम की मार के चलते कई अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित रह गए

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जा रही लेक्चरर-कोच भर्ती परीक्षा में मौसम की मार के चलते कई अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित रह गए। झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में एक परीक्षा केंद्र पर एक महिला अभ्यर्थी के लिए 3 मिनट की देरी बेहद भारी साबित हुई। सीकर जिले के नीमकाथाना से परीक्षा देने पहुंची महिला निर्धारित समय सुबह 9 बजे से महज 3 मिनट देर से अडूकिया स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पहुंची, लेकिन उसे अंदर जाने नहीं दिया गया। महिला अभ्यर्थी ने बताया कि वह समय पर निकल चुकी थी, लेकिन रास्ते में अचानक हुई बारिश और ट्रैफिक के कारण उसे देरी हो गई। केंद्र के गेट पर पहुंचकर महिला ने बार-बार निवेदन किया, लेकिन गेट पर तैनात स्टाफ ने नियमों का हवाला देते हुए प्रवेश देने से इनकार कर दिया। महिला की आंखों में आंसू थे, वह गिड़गिड़ाती रही लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 

मोरारका कॉलेज में भी कई महिला अभ्यर्थियों की छूटी परीक्षा

जिला मुख्यालय स्थित मोरारका कॉलेज में भी कई महिला अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर समय पर नहीं पहुंच पाईं। इसी प्रकार मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण जिले के कई इलाकों में भारी बारिश हुई जिसके चलते कुछ अन्य छात्र-छात्राएं भी समय पर केंद्र नहीं पहुंच पाए और परीक्षा देने से वंचित रह गए।

Report- Amit Sharma

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।