यूपी बोर्ड (कक्षा 10वीं और 12वीं) इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन करने के इच्छुक स्टूडेंट्स के लिए खबर है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) कल यानी 19 मई को यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की इंप्रूवमेंट, कंपार्टमेंट परीक्षा 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगी। एक बार शुरू होने के बाद जिन इच्छुक छात्र-छात्राओं को यूपी बोर्ड 10वीं, 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा 2025 और यूपी बोर्ड 10वीं, 12वीं इम्प्रूवमेंट परीक्षा 2025 के लिए आवेदन करना है वे सभी आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर ऐसा कर सकेंगे। जानकारी दे दें कि इसके लिए आवेदन करने का आखिरी तारीख 10 जून 2025 है, इच्छुक उम्मीदवार इस तिथि तक या इससे पहले ही अप्लाई कर दें। UPMSP लिखित और व्यावहारिक परीक्षाओं के लिए कक्षा 10, 12 की परीक्षा तिथियों की घोषणा अलग से करेगा।
बोर्ड ने एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा, “यह आम जनता को सूचित करने के लिए है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट / कम्पार्टमेंट और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन, बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर 19 मई, 2025 से 10 जून, 2025, मध्यरात्रि (12:00 बजे) तक स्वीकार किए जाएंगे।”
कौन हो सकता है शामिल
हाई स्कूल परीक्षा के लिए, जो छात्र एक विषय में अनुत्तीर्ण हो गए हैं, वे उस विषय में सुधार या कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए उपस्थित हो सकते हैं जिसमें वे अनुत्तीर्ण हुए हैं। इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के मामले में, मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य स्ट्रीम के छात्र जो एक विषय में अनुत्तीर्ण हो गए हैं, वे कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, एग्रीकल्चर भाग-1 या भाग-2 विषय या वोकेशनल ट्रेड विषय से किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण होने वाले छात्र भी पात्र हैं।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा कार्यक्रम या आवेदन प्रक्रिया में किसी भी अपडेट या बदलाव के लिए नियमित रूप से आधिकारिक यूपीएमएसपी वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपनी निगाह बनाए रखें।
ये भी पढ़ें- कब आएगी नीट यूजी 2025 की आंसर-की, जानें क्या है अपडेट