आज यानी 22 अप्रैल को यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल परिणाम को संघ लोक सेवा ने जारी कर दिया है। इसमें शक्ति दुबे ने पहला स्थान हासिल किया है यानी टॉप किया है। शक्ति दुबे ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल परिणाम में रैंक 1 पाई है। इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी की लहर है। बता दें कि शक्ति दुबे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी स्कूलिंग और ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई प्रयागराज से ही कंप्लीट की है। उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से की है और पीजी बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से की है। शक्ति दुबे का एक बयान भी सामने आया है।
शक्ति ने कहा, ""मैंने कई सालों तक कड़ी मेहनत की। मैंने घर में सबको बताया कि वे सभी बहुत खुश हैं। पहले तो यकीन करना मुश्किल था, लेकिन धीरे-धीरे यह भावना मेरे अंदर घर कर गई। मेरे भाई ने प्रेडिक्ट किया था कि मैं पहला स्थान प्राप्त करूंगी।"
'तुम्हें भगवान ने रैंक 1 के लिए ही बचा के रखा है'
टॉपर शक्ति ने कहा, "काफी सालों की मेहनत है, तो फीलिंग तो बहुत अच्छी है। घर पर भी बताया सब बहुत खुश हैं।" उन्होंने कहा, " मेरे भाई ने कहा था कि तुम्हें भगवान ने रैंक 1 के लिए ही बचा के रखा है।" उन्होंने आगे कहा, "हर बच्चा अपनी तरफ से पूरी कोशिश करता है। यह हमेशा ध्यान में रखना है कि यूपीएससी सिर्फ एक एग्जाम है।
अपनी बेटी की कामयाबी पर क्या बोले शक्ति के पेरेंट्स
वहीं, शक्ति के प्रयागराज स्थित घर का वीडियो भी सामने आ गया है। इस वीडियो में उनके परिवार वाले एक-दूसरे को मिठाई खिलाते हुए नजर आ रहे हैं। शक्ति के पेरेंट्स ने भी अपनी बेटी की कामयाबी के अवसर पर मीडिया से बात की है। उन्होंने कहा, 'मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। बच्ची ने जो मेहनत की है, उसका प्रतिफल प्रभु ने उसको दिया है। उसकी सफलता से हम सब प्रसन्न हैं। हमें पूरी उम्मीद थी कि उसे सफलता मिलेगी क्योंकि वह बहुत मेहनत करती थी और पढ़ने में उसका लगाव था। मुझे लगता था कि बच्ची कुछ न कुछ करेगी। पिछले साल वह इंटरव्यू तक पहुंची थी लेकिन उसका नहीं हो पाया था। लेकिन प्रभु ने इस साल उसे शानदार सफलता दिलाई। अभी बेटी घर से बाहर है, कल (बुधवार) आ जाएगी।'
ये भी पढ़ें-
11 सालों में कितनी लड़कियों ने किया UPSC सिविल सर्विस परीक्षा में टॉप, देखें यहां लिस्ट