पटना। बिहार के औरंगाबाद जिले की ओबरा विधानसभा सीट काराकाट लोकसभा के अंतर्गत आती है। ओबरा विधानसभा सीट (विधान सभा संख्या 220) से जदयू प्रत्याशी सुनील कुमार मैदान में हैं। इनका मुकाबला महागठबंधन के राजद (RJD) प्रत्याशी ऋषि सिंह और लोजपा के प्रत्याशी प्रकाश चंद्रा से होगा। प्रकाश चंद्रा ने हाल ही में राजद छोड़कर लोजपा ज्वाइन किया है।
Related Stories
बिहार विधानसभा चुनाव 2015 को लेकर ओबरा विधानसभा सीट की बात करें तो यहां आरजेडी (राजद) के प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार सिन्हा ने जीत हासिल की थी। वीरेंद्र कुमार सिन्हा ने बीएलएसपी के प्रत्याशी चंद्रभूषण वर्मा को 11,396 मतों के बड़े अंतर से हराया था। वीरेंद्र कुमार सिन्हा ने 56 हजार 42 वोट हासिल किए थे। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में ओबरा विधानसभा सीट पर महागठबंधन और एनडीए (एनडीए) के बीच कड़ा मुकाबला होगा। साथ ही कई दलों के गठबंधन भी अपनी ताकत दिखाएंगे।
ओबरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक यादवों की आबादी करीब 18 फीसदी है। इसके बाद कुशवाहा मतदाता करीब 13 फीसदी हैं। भूमिहार करीब 11, वैश्य करीब 11 और मुसलमान करीब 11 फीसदी हैं। इसके बाद अन्य जातियों की आबादी है। यहां सोन नहर प्रणाली से सिपहा पुल पर पनबिजली बनाने का काम शुरू हुआ, लेकिन वह भी 2004 से रुका हुआ है। ओबरा के मनोरा में बुद्ध की खंडित प्रतिमा और दाउदनगर में शमसेर का मकबरा उपेक्षित है।