1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. दिल्ली विधान सभा चुनाव 2020
  4. BJP नेताओं के नारों से पता चलता है उनका चरित्र: प्रियंका गांधी

BJP नेताओं के नारों से पता चलता है उनका चरित्र: प्रियंका गांधी

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 05, 2020 09:12 pm IST,  Updated : Feb 05, 2020 09:12 pm IST

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ''प्रचार का भूखा'' होने का आरोप लगाते हुए उनसे विज्ञापनों पर हुए खर्च के बारे में पूछा।

Priyanka Gandhi- India TV Hindi
Congress leader Rahul Gandhi and party General Secretary Priyanka Gandhi Vadra Image Source : PTI

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जिस तरह के नारे लगा रहे हैं, उससे उनके चरित्र का पता चलता है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शीला दीक्षित के विकास मॉडल का श्रेय ले रही है। गांधी ने चांदनी चौक में एक रैली में कहा, ''उनके नारे उनका चरित्र बताते हैं। क्या ये नारे देश को जोड़ने वाले हैं?''

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ''इस देश में हिंदू-मुस्लिम एकता के बगैर कोई भी आजादी नहीं पा सकता। अगर धर्मों में एकता नहीं होती, तो अंग्रेज आज भी यहां राज कर रहे होते। देश उनकी : भाजपा : नीतियों से आगे नहीं बढ़ सकता। वे लोगों को बांटना चाहते हैं और असल मुद्दों पर बात नहीं करना चाहते।''

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ''प्रचार का भूखा'' होने का आरोप लगाते हुए उनसे विज्ञापनों पर हुए खर्च के बारे में पूछा। प्रियंका गांधी ने कांग्रेस शासनकाल से आम आदमी पार्टी के शासनकाल की तुलना करता एक रिपोर्ट कार्ड भी दिखाया। उन्होंने कहा, ''आज जो दिल्ली हम देख रहे हैं, इसे शीला दीक्षित ने विकसित किया। मेट्रो, फ्लाईओवर सब शीला दीक्षित सरकार में बने। फिर वे आए और उनके विकास मॉडल का श्रेय लेने लगे।''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Delhi Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024