1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. झारखण्ड विधान सभा चुनाव 2019
  4. महाराष्ट्र की राजनीतिक घटनाओं का झारखंड चुनाव पर नहीं होगा असर, हम बनाएंगे सरकार: रविशंकर प्रसाद

महाराष्ट्र की राजनीतिक घटनाओं का झारखंड चुनाव पर नहीं होगा असर, हम बनाएंगे सरकार: रविशंकर प्रसाद

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 27, 2019 03:45 pm IST,  Updated : Nov 27, 2019 03:45 pm IST

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को दावा किया कि महाराष्ट्र की राजनीतिक घटनाओं और हरियाणा के चुनाव परिणामों का झारखंड के विधानसभा चुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

Union Ministers Ravi Shankar Prasad- India TV Hindi
Union Ministers Ravi Shankar Prasad Image Source : PTI

रांची: भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को दावा किया कि महाराष्ट्र की राजनीतिक घटनाओं और हरियाणा के चुनाव परिणामों का झारखंड के विधानसभा चुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और यहां भाजपा को पूर्ण बहुमत प्राप्त होगा, साथ ही स्थिर सरकार बनेगी। केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यह दावा झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए यहां भाजपा का ‘जनसंकल्प पत्र’ जारी करते हुए किया। 

प्रसाद ने एक सवाल पर कहा, ‘‘सेवा करने पर जनता आशीर्वाद देती है। इसका परिणाम मिलता है। हाल में लोकसभा चुनाव के परिणाम और हरियाणा तथा महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम देखकर इसका आप स्वयं अनुमान भी लगा सकते हैं।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या हरियाणा के चुनाव परिणाम और महाराष्ट्र में राजनीतिक घटना का झारखंड के चुनावों पर भी प्रभाव पड़ सकता है, रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘‘झारखंड में ऐसी कोई उम्मीद नहीं है। पूर्ण बहुमत की और स्थाई, प्रामाणिक हमारी विजय होगी।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में हम सरकार में हैं। दुष्यंतजी ने स्पष्ट कहा है कि वह कांग्रेसवाद और उसकी नीतियों में विश्वास नहीं करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में ऐसा कुछ नहीं होने वाला है और यहां भाजपा को स्पष्ट और पूर्ण बहुमत मिलेगा और हम स्थिर सरकार का गठन करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक महाराष्ट्र की बात है, महाराष्ट्र में हमारी युति (गठबंधन) को पूर्ण बहुमत था। जो यह सरकार बनी है, मैंडेट (जनादेश) को चुराया गया है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘वास्तव में शिवसेना ने भाजपा की पीठ पर सवार होकर चुनाव जीता है।’’ प्रसाद ने भाजपा के मंत्री रहे और अब बागी होकर मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ रहे सरयू राय के बारे में किसी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024