1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. हेमा मालिनी ने नामांकन भरने के साथ ही किया बड़ा ऐलान, कहा- ‘अब के बाद नहीं लड़ूंगी कोई चुनाव’

हेमा मालिनी ने नामांकन भरने के साथ ही किया बड़ा ऐलान, कहा- ‘अब के बाद नहीं लड़ूंगी कोई चुनाव’

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 25, 2019 04:41 pm IST,  Updated : Mar 25, 2019 04:41 pm IST

मथुरा से भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी ने सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया।

Hema Malini- India TV Hindi
Hema Malini Image Source : PTI

मथुरा: मथुरा से भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी ने सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने ऐलान कर दिया है कि वे अगली बार स्वयं चुनाव न लड़कर युवाओं को आगे आने का मौका देंगी और खुद संगठन के कार्य करना पसंद करेंगी। उन्होंने चुनाव के संयोजन और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ डीपी गोयल, चार अन्य प्रस्तावक और समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरा आखिरी चुनाव है। मैं इसके बाद कोई चुनाव नहीं लड़ूंगी और इसकी जगह संगठन में रहकर जनता की भलाई के कार्य करना चाहूंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बरसों से मेरा सपना था कि मैं मथुरा के लिए कुछ कर सकूं। इसलिए, पिछले पांच वर्षों में काफी-कुछ करने की कोशिश की। लेकिन, अभी बहुत कुछ करना रह गया है। उम्मीद करती हूं कि यहां की जनता मुझे वह सब भी करने का मौका देगी।” 

उन्होंने कहा कि “मैं इस नगरी को कृष्ण काल के समान ही भव्य एवं दिव्य नगरी बनाना चाहती हूं।’ बता दें कि पर्चा भरने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वृन्दावन स्थित बांकेबिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की। ठाकुरजी का आशीर्वाद लेकर हेमा मालिनी ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल किया।

उल्लेखनीय है कि हेमा मालिनी ने 16वीं लोकसभा के लिए 2014 में हुए चुनाव में तत्कालीन सांसद जयंत चैधरी को तीन लाख 30 हजार से भी अधिक मतों से शिकस्त देकर यह सीट राष्ट्रीय लोकदल से हासिल की थी। उनके खिलाफ यहां से कांग्रेस ने महेश पाठक को उम्मीदवार बनाया है। सपा-बसपा के गठबंधन समर्थित राष्ट्रीय लोकदल ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024