1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. हलवाइयों को फुर्सत नहीं, BJP नेताओं ने जश्न के लिए दिए लड्डू और मिठाइयों के ऑर्डर

हलवाइयों को फुर्सत नहीं, BJP नेताओं ने जश्न के लिए दिए लड्डू और मिठाइयों के ऑर्डर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 22, 2019 11:24 pm IST,  Updated : May 22, 2019 11:24 pm IST

एक्जिट पोल में भाजपा की दिल्ली में जबर्दस्त जीत के पूर्वानुमानों से उत्साहित यहां की पार्टी इकाई ने बृहस्पतिवार को मतगणना से पहले बुधवार को मोतीचूर के लड्डू और कमल बर्फी के ऑर्डर दे दिए...

Buoyed by exit poll projections, Delhi BJP leaders order...- India TV Hindi
Buoyed by exit poll projections, Delhi BJP leaders order ladoos, motichoor cakes to celebrate win

नई दिल्ली: एक्जिट पोल में भाजपा की दिल्ली में जबर्दस्त जीत के पूर्वानुमानों से उत्साहित यहां की पार्टी इकाई ने बृहस्पतिवार को मतगणना से पहले बुधवार को मोतीचूर के लड्डू और कमल बर्फी के ऑर्डर दे दिए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी राष्ट्रीय राजधानी की सातों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि दीनदयाल मार्ग स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय और पंत मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा कार्यालय में जश्न के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले लड्डू के ऑर्डर दिए हैं।

दिल्ली भाजपा सोशल मीडिया टीम के सह संयोजक नीलकंठ बख्शी ने कहा कि पार्टी ने इसके साथ ही सात किलोग्राम वजन के ‘मोतीचूर केक’ और ऐसे ही नौ अन्य केक के ऑर्डर बंगाली पेस्ट्री में दिए हैं जिनका प्रत्येक का वजन 4-5 किलोग्राम होगा। बख्शी ने कहा कि केक भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में काटा जाएगा।

दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कमल के आकार की 50 किलोग्राम ‘कमल बर्फी’ का ऑर्डर दिया है। इसकी कीमत प्रति किलोग्राम दो हजार रुपये है। कांग्रेस ने हालांकि सतर्क रुख बनाए रखा। उसके नेताओं ने कहा कि जश्न परिणाम घोषित होने के बाद मनाया जाएगा। कांग्रेस को चुनाव में ‘‘अच्छे प्रदर्शन’’ की उम्मीद है।

अधिकतर एक्जिट पोल में अनुमान जताया गया है कि भाजपा दिल्ली में पांच से सात लोकसभा सीटें जीत सकती है और इसमें कांग्रेस को दूसरे स्थान पर रखा गया है। एक्जिट पोल में कांग्रेस के एक से दो सीटों पर जीत दर्ज करने की उम्मीद जताई गई है। अधिकतर एक्जिट पोल में पूर्वानुमान जताया गया है कि दिल्ली में सत्ताधारी आप अधिकतर सीटों पर तीसरे स्थान पर रहेगी।

दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं नई दिल्ली लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार अजय माकन ने कहा कि उन्हें जीत का विश्वास है। माकन ने कहा, ‘‘कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी। हमें समाज के सभी वर्गों, विशेष तौर पर अल्पसंख्यकों और सरकारी कर्मचारियों का समर्थन प्राप्त है। निश्चित तौर पर जश्न मिठाइयां बांटकर और पटाखें छोड़कर मनाया जाएगा।’’

दिल्ली कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी सात सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम परिणाम घोषित होने के बाद जश्न मनाएंगे और वह शानदार जश्न होगा।’’

पार्टियों ने विशेष इंतजाम किए हैं जैसे पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य आगंतुकों के लिए मतगणना की प्रगति देखने के लिए बड़े एलईडी स्क्रीन लगाना। उम्मीदवार मतगणना केंद्रों पर जाएंगे और वहां अपने एजेंट और पार्टी नेताओं से रुझानों के बारे में अद्यतन जानकारी लेंगे।

मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे शुरू होगी। दिल्ली में सात लोकसभा सीटों पर कुल 164 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। दिल्ली में 1.43 करोड़ मतदाता मतदान के लिए पात्र थे जिसमें से 60.21 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और आप के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। 2014 में भाजपा ने सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024