1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. कांग्रेस ने हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए जारी की 5 उम्मीदवारों की लिस्ट, भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत से लड़ेंगे चुनाव

कांग्रेस ने हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए जारी की 5 उम्मीदवारों की लिस्ट, भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत से लड़ेंगे चुनाव

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 21, 2019 11:49 pm IST,  Updated : Apr 21, 2019 11:52 pm IST

कांग्रेस ने रविवार को हरियाणा की पांच लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सोनीपत से टिकट दिया गया है।

Bhupinder Hooda- India TV Hindi
Bhupinder Hooda

नयी दिल्ली, चंडीगढ: कांग्रेस ने रविवार को हरियाणा की पांच लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सोनीपत से टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने फरीदाबाद सीट से अपना उम्मीदवार बदलते हुए ललित नागर की जगह अवतार सिंह भड़ाना को चुनावी मैदान में उतारा है। सूत्रों ने बताया कि नागर को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा का करीबी माना जाता है। 

नयी सूची की घोषणा के साथ, पार्टी ने हरियाणा की सभी दस सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं। कांग्रेस पूरे देश में कुल 413 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। हरियाणा में, पार्टी ने राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा को करनाल और भव्य बिश्नोई को हिसार लोकसभा सीट से टिकट दी है। भव्य हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के पोते और कुलदीप बिश्नोई के बेटे हैं। 

कांग्रेस ने निर्मल सिंह को कुरुक्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर 2014 में नवीन जिंदल चुनाव लड़े थे लेकिन वह हार गये थे। हरियाणा की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान 12 मई का छठे चरण में होगा। सोनीपत से चुनाव लड़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा फिलहाल रोहतक जिले की गढी सांपला किलोई सीट से विधायक हैं। कांग्रेस ने इससे पहले हरियाणा के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिसमें सांसद दीपेंद्र हुड्डा (रोहतक) और राज्यसभा सदस्य कुमारी शैलजा (अंबाला) का नाम शामिल था। 

प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर सिरसा (सु) सीट से चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस विधायक दल की नेता किरन चौधरी की बेटी श्रुति को भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। छह बार के विधायक कैप्टन अजय सिंह यादव गुरुग्राम से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024