1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. मोदी के 'हमशक्ल' उम्मीदवार को 'एक वोट, एक नोट' की टिप्पणी पर चुनाव आयोग का नोटिस

मोदी के 'हमशक्ल' उम्मीदवार को 'एक वोट, एक नोट' की टिप्पणी पर चुनाव आयोग का नोटिस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 13, 2019 05:59 pm IST,  Updated : Apr 13, 2019 05:59 pm IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'हमशक्ल' कहे जाने वाले और राजधानी लखनऊ से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे अभिनन्दन पाठक को चुनाव आयोग ने 'एक वोट, एक नोट' की टिप्पणी करने के आरोप में नोटिस भेजा है।

Election Commission send notice to Abhinandan Pathak- India TV Hindi
Election Commission send notice to Abhinandan Pathak

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'हमशक्ल' कहे जाने वाले और राजधानी लखनऊ से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे अभिनन्दन पाठक को चुनाव आयोग ने 'एक वोट, एक नोट' की टिप्पणी करने के आरोप में नोटिस भेजा है। पाठक ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से कहा था कि 'एक वोट, एक नोट' उनका चुनावी नारा होगा।

शुक्रवार शाम को जारी इस नोटिस में जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि पाठक के इस बयान के पीछे वोट के लिये मतदाताओं को लालच देने की मंशा नजर आती है, लिहाजा यह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन प्रतीत होता है। उन्होंने कहा ''पाठक को जवाब दाखिल करने के लिये 24 घंटों का समय दिया गया है। अगर जवाब नहीं मिला तो उनके खिलाफ सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।''

गौरतलब है कि लखनऊ सीट पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह को टक्कर देने आये पाठक ने वाराणसी सीट से भी नामांकन की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह आगामी 26 अप्रैल को वाराणसी से पर्चा दाखिल करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की तरह दिखने और उन्हीं की तरह आधी बांह का कुर्ता और पायजामा पहनने वाले पाठक ने कहा कि वह डमी नहीं बल्कि गम्भीर प्रत्याशी हैं।

उन्होंने कहा कि वह जुमलेबाजी के खिलाफ हैं और चुनाव जीतने के बाद वह प्रधानमंत्री पद के लिये राहुल गांधी का समर्थन करेंगे। मूलत: सहारनपुर के रहने वाले पाठक पिछले साल रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इण्डिया छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिये अनेक रैलियां की थी। लखनऊ में पांचवें चरण के तहत आगामी छह मई को मतदान होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024