1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. AAP और कांग्रेस में अब नहीं होगा गठबंधन, गोपाल राय बोले- 'बहुत देर हो गई है, अब इसकी कोई गुंजाइश नहीं'

AAP और कांग्रेस में अब नहीं होगा गठबंधन, गोपाल राय बोले- 'बहुत देर हो गई है, अब इसकी कोई गुंजाइश नहीं'

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 18, 2019 08:09 pm IST,  Updated : Mar 18, 2019 08:11 pm IST

आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं को खारिज करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने बहुत देर कर दी, अब गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है।

Gopal Rai (File Photo)- India TV Hindi
Gopal Rai (File Photo) Image Source : PTI

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं को खारिज करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने बहुत देर कर दी, अब गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है। आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवार घोषित होने के बाद कांग्रेस के साथ गठबंधन की अब कोई संभावना नहीं है। पार्टी अपने उम्मीदवारों को वापस नहीं लेगी, इसलिए गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है।

राय ने कहा, ‘‘अब हम इस निष्कर्ष पर पहुंच गए हैं कि कांग्रेस दिल्ली को लेकर गंभीर नहीं है। क्योंकि, जिस राज्य में कांग्रेस गंभीर है वहां उनके प्रयास जारी हैं। इसीलिए रविवार को हमने अपना सातवां उम्मीदवार घोषित कर दिया।’’ उल्लेखनीय है कि छह सीटों के लिए आप के उम्मीदवार पहले ही घोषित किए जा चुके थे। कांग्रेस की तरफ से अब बातचीत की कोई पहल किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब कोई गुंजाइश नहीं है। 

कांग्रेस में आप के साथ गठबंधन को लेकर आम राय कायम नहीं हो पाने के कारण पार्टी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित गठबंधन के लिए दोटूक मना कर चुकी हैं वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन सहित अन्य नेता गठबंधन की वकालत करते हुए इस मामले में कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कराए जाने की बात कह रहे हैं। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सभी सात सीटों के लिये 12 मई को छठवें चरण में मतदात होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024