1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. BJP में शामिल हुईं जया प्रदा, रामपुर लोकसभा सीट पर आजम खां को देंगी टक्कर?

BJP में शामिल हुईं जया प्रदा, रामपुर लोकसभा सीट पर आजम खां को देंगी टक्कर?

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 26, 2019 01:27 pm IST,  Updated : Mar 26, 2019 01:27 pm IST

आपको बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनावों में नेपाल सिंह ने रामपुर से भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया था।

Jaya Prada joins BJP | PTI File- India TV Hindi
Jaya Prada joins BJP | PTI File

नई दिल्ली: चुनावी मौसम में नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अभिनेत्री से राजनेता बनीं जया प्रदा ने भी मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। बॉलीवुड से राजनीति तक का सफर तय करने वाली जया प्रदा रामपुर सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। गौरतलब है कि इस सीट से महागठबंधन ने उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां को उम्मीदवार बनाया है। यदि बीजेपी जया प्रदा को रामपुर से टिकट देती है तो यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प हो जाएगा।

आपको बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनावों में नेपाल सिंह ने रामपुर से भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया था। हालांकि उस चुनाव में नेपाल सिंह मजह कुछ हजार वोटों के अंतर से ही जीते थे। उन चुनावों में समाजवादी पार्टी के नसीर अहमद खान को कुल वोट 3,35,181 मिले थे जबकि बहुजन समाज पार्टी के अकबर हुसैन को महज 81,006 वोट ही मिले। भाजपा के नेपाल सिंह ने 3,58,616 वोट हासिल करके रामपुर लोकसभा सीट अपने कब्जे में की थी।  

जया प्रदा की बात करें तो वह इस सीट से 2 बार सांसद रह चुकी हैं। 2004 और 2009 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर कांग्रेस की नूर बानो को हराया था। 2014 में जया प्रदा ने अमर सिंह के साथ राष्ट्रीय लोकदल के टिकट पर बिजनौर से लोकसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। आपको बता दें कि हाल के कुछ दिनों में राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह की भाजपा से करीबी बढ़ गई थी। उसी के बाद से कयास लगने लगे थे कि जया भाजपा में शामिल हो सकती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024